न्यूजीलैंड के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को 13 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। दिग्गज स्पिनर नाथन लॉयन और मार्नस लाबुशेन को टीम में जगह नहीं मिली है। पैट कमिंस कप्तानी संभालेंगे। शेफील्ड शील्ड के छठे राउंड के बाद टीम में एक और खिलाड़ी को जोड़ा जाएगा।

चयनकर्ताओं ने ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरे सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले लॉयन को बाहर का रास्ता दिखाया है। टीम में जैक क्लेटन और कोरी रिचोचियोली को पहली बार टेस्ट स्क्वाड में शामिल किया गया है, जबकि माइकल नेसर की वापसी हुई है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज खेलने वाले ऑलराउंडर ब्यू वेबस्टर और कूपर कोनोली को इस बार टीम से बाहर रखा गया है।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चीफ सेलेक्टर जॉर्ज बेली ने कहा कि नाथन लॉयन पिछले कुछ समय से उस तरह का प्रभाव नहीं डाल पाए हैं, जिस तरह की उम्मीद थी। उन्होंने यह भी कहा कि लॉयन का रिकॉर्ड असाधारण रहा है और भविष्य की योजनाओं के लिए उनका अनुभव, ज्ञान और कौशल अब भी उपयोगी साबित हो सकते हैं। लॉयन की गैरमौजूदगी में कोरी रिचोचियोली मुख्य स्पिनर की भूमिका निभा सकते हैं, जिन्होंने अब तक 59 फर्स्ट क्लास मैचों में 205 विकेट लिए हैं।

पैट कमिंस (कप्तान) के अलावा टीम में स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, जैक क्लेटन, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंगलिस, माइकल नेसर, मैट रेनशॉ, कोरी रिचोचियोली, स्टीव स्मिथ और मिचेल स्टार्क शामिल हैं। सीरीज का पहला टेस्ट 9 से 13 दिसंबर तक पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेला जाएगा।