गाजियाबाद के वैशाली सेक्टर-1 स्थित क्लाउड-9 कामर्शियल टावर्स में आवारा कुत्तों की बेरोकटोक आवाजाही से कार्यालय संचालकों, कर्मचारियों और आगंतुकों में सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंता है। कुत्ते लिफ्ट, सीढ़ियों और लॉबी से होकर 16वीं मंजिल तक पहुंच रहे हैं और दफ्तरों के बाहर तथा कॉमन एरिया में मल-मूत्र त्याग कर गंदगी फैला रहे हैं। कुत्तों के काटने की घटनाओं के अलावा परिसर में कुतियों द्वारा बच्चों को जन्म देने के मामले भी सामने आए हैं, जिससे गंदगी, दुर्गंध और संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
कार्यालय संचालकों का आरोप है कि पिछले सात-आठ महीनों से मेंटेनेंस एजेंसी विलब्रोस को लगातार लिखित शिकायतें, तस्वीरें और वीडियो भेजे जाने के बावजूद कोई प्रभावी और स्थायी समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि भारी मेंटेनेंस शुल्क चुकाने के बाद भी उन्हें स्वच्छ और सुरक्षित कार्यस्थल नहीं मिल पा रहा है।
प्रभावित कार्यालय संचालकों ने गाजियाबाद नगर निगम, जिला प्रशासन और क्लाउड-9 कामर्शियल एसोसिएशन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने पशु कल्याण संबंधी नियमों का पालन करते हुए कार्यालय परिसर में कुत्तों के अनियंत्रित प्रवेश पर रोक लगाने, नियमित सफाई कराने, संक्रमणरोधी उपाय करने और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
