भारत और बांग्लादेश के बीच पानी के बंटवारे से जुड़ी गंगा जल संधि का 30 साल का कार्यकाल पूरा होने वाला है, जिसके बाद इसके भविष्य पर सवाल उठ रहे हैं। बांग्लादेश अपने हिस्से के पानी की सुरक्षा चाहता है, जबकि भारत बढ़ती आबादी, खेती और घरेलू जरूरतों को देखते हुए नई शर्तें चाहता है। पश्चिम बंगाल और बिहार की आपत्तियों ने मामले को और अहम बना दिया है। सवाल यह है कि क्या दोनों देश आपसी सहमति से संधि को नया रूप दे पाएंगे या गंगा का पानी फिर कूटनीतिक तनाव की वजह बनेगा।
12 दिसंबर 1996 को हुए इस समझौते को 30 साल के लिए लागू किया गया था और अब इसकी अवधि समाप्त होने में कुछ ही समय बचा है। नवीनीकरण को लेकर दोनों देशों की कूटनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। यह देखना बाकी है कि संधि पुरानी शर्तों के साथ आगे बढ़ेगी या पानी के बंटवारे के नियमों में बदलाव होगा। इस बीच 21-22 नवंबर को ढाका में भारत-बांग्लादेश संयुक्त समिति की 91वीं नियमित बैठक हुई, हालांकि इस बैठक में संधि के नवीनीकरण पर चर्चा हुई या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
गंगा के पानी को लेकर विवाद 1950 के दशक में शुरू हुआ था, जब भारत ने पश्चिम बंगाल में फरक्का बैराज बनाने का प्रस्ताव रखा। यह जगह तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान (वर्तमान बांग्लादेश) की सीमा से करीब 18 किलोमीटर दूर थी। भारत का मकसद गंगा का पानी हुगली नदी की ओर मोड़ना था, ताकि कोलकाता बंदरगाह के आसपास जमा गाद हटाई जा सके और जहाजों की आवाजाही के लिए नदी चालू रहे। बैराज का निर्माण 1961 में शुरू हुआ और 1975 में पूरा होने के बाद यहां से पानी हुगली की ओर मोड़ा जाने लगा।
निर्माण के दौरान ही इस परियोजना को लेकर तनाव बढ़ने लगा था। बांग्लादेश का आरोप था कि पानी मोड़ने से उसके हिस्से में गंगा का प्रवाह कम हो रहा है। 1976 में बांग्लादेश के नेता मौलाना भासानी ने भारत की जल नीति के खिलाफ फरक्का लॉन्ग मार्च का नेतृत्व किया और बैराज हटाने की मांग की। उनका कहना था कि इसकी वजह से बांग्लादेश में गंगा की मुख्य वितरिका पद्मा का जलस्तर घट रहा है, जिससे सूखे और मरुस्थलीकरण का खतरा बढ़ रहा है। इसके बाद 1977, 1982 और 1985 में अस्थायी समझौते हुए, लेकिन कोई भी लंबे समय तक चलने वाला समाधान नहीं दे पाया। आखिरकार दिसंबर 1996 में तत्कालीन प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के नेतृत्व में दोनों देशों ने संधि पर हस्ताक्षर किए, जिसके तहत 30 साल के लिए पानी के बंटवारे की व्यवस्था बनाई गई और इसे लागू करने व निगरानी के लिए एक संयुक्त समिति गठित की गई।