गंगा नदी का जलस्तर घटने के कारण गंगा विलास क्रूज ने इस सीजन में पहली बार वैकल्पिक मार्ग से यात्रा की। भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) की निगरानी में जहाज शुक्रवार को नवगछिया चैनल से होकर सुरक्षित रूप से मुंगेर पहुंचा। अधिकारियों के अनुसार, रास्ते में पड़ने वाली पुलिया के नीचे से गुजरते समय पुल और क्रूज के बीच करीब छह इंच का अंतर रहा।

गुरुवार की शाम भागलपुर पहुंचने के बाद क्रूज को बाबूपुर घाट पर स्टैंड-बाय रखा गया था। पुलिया के नीचे से जहाज के सुरक्षित परिचालन को लेकर प्राधिकरण की टीम ने गहन सर्वे और मापी की। शुक्रवार सुबह 10:30 बजे आधिकारिक क्लीयरेंस मिलने के बाद जहाज मुंगेर के लिए रवाना हुआ।

IWAI अधिकारियों के अनुसार, गंगा का जलस्तर कम होने से पुल और जहाज के ऊपरी हिस्से के बीच उपलब्ध जगह काफी कम थी। इसके बावजूद बेहद सावधानी और तकनीकी कौशल के साथ जहाज को निकाला गया। निर्धारित क्लीयरेंस मिलने के बाद क्रूज बिना किसी बाधा के नवगछिया चैनल पार कर गया। शुक्रवार शाम तक क्रूज सुरक्षित रूप से मुंगेर के बबुआ घाट पहुंचकर खड़ा हो गया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शनिवार को जहाज में सवार देशी-विदेशी पर्यटकों को विश्व प्रसिद्ध बिहार योग विद्यालय (योगाश्रम), शक्तिपीठ चंडिका स्थान और मुंगेर के अन्य ऐतिहासिक व पौराणिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। भ्रमण के बाद क्रूज अपने अगले पड़ाव की यात्रा पर रवाना होगा। जलस्तर में गिरावट की चुनौती के बीच बदले गए मार्ग से जहाज का सुरक्षित गुजरना अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के लिए एक बड़ी और महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।