हिंदू धर्म में अगहन यानी मार्गशीर्ष मास को पुण्यदायी माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस महीने में भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की पूजा का विशेष फल मिलता है। श्रीमद्भगवद्गीता में श्रीकृष्ण ने स्वयं कहा है, 'मासानां मार्गशीर्षोऽहम्' यानी सभी महीनों में मैं मार्गशीर्ष हूं। इसी कारण इस मास में भगवान के नाम का जाप, मंत्रों का पाठ, विष्णु सहस्रनाम तथा गजेंद्र मोक्ष का पाठ करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होने की मान्यता है।

ब्रह्म मुहूर्त को पूजा-पाठ, ध्यान और मंत्र जाप के लिए सबसे उत्तम समय माना गया है। यह समय सूर्योदय से लगभग डेढ़ घंटे पहले शुरू होता है। मान्यता है कि इस समय वातावरण शांत रहता है और मन को एकाग्र करने में मदद मिलती है। श्रीमद्भागवत महापुराण के आठवें स्कंध में गजेंद्र मोक्ष की कथा के साथ इसकी फलश्रुति भी बताई गई है। इसके अनुसार जो व्यक्ति सुबह उठकर पवित्र मन से गजेंद्र मोक्ष की स्तुति का पाठ या स्मरण करता है, उसे भगवान की कृपा प्राप्त होती है और भय, दुख तथा जीवन की परेशानियों से लड़ने की शक्ति मिलती है।

कथा के अनुसार प्राचीन समय में इंद्रद्युम्न नाम के राजा भगवान विष्णु के परम भक्त थे। महर्षि अगस्त्य के शाप के कारण उन्हें हाथी के रूप में जन्म लेना पड़ा और उनका नाम गजेंद्र पड़ा। वहीं गंधर्वराज हूहू ऋषि देवल के शाप के कारण मगरमच्छ बन गए थे। एक दिन गजेंद्र सरोवर में पानी पीने और स्नान करने पहुंचे, तभी मगरमच्छ ने उनका पैर पकड़ लिया। लंबे संघर्ष के बाद जब उनका बल समाप्त होने लगा और परिवार भी सहायता नहीं कर सका, तब उन्होंने पूरी श्रद्धा से भगवान विष्णु को पुकारा और कमल का फूल अर्पित करते हुए रक्षा की प्रार्थना की।

भक्त की पुकार सुनकर भगवान विष्णु गरुड़ पर सवार होकर वहां पहुंचे और सुदर्शन चक्र से मगरमच्छ का अंत कर गजेंद्र को बंधन से मुक्त किया। इस तरह दोनों को शाप से मुक्ति मिली। यह कथा यह सिखाती है कि जब मनुष्य अहंकार छोड़कर सच्चे मन से भगवान की शरण में जाता है, तब भगवान उसकी सहायता अवश्य करते हैं।