संसद सत्र से पहले कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी के आवास पर सांसदों की बैठक हुई। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, महासचिव केसी वेणुगोपाल और उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम मौजूद रहे। शुक्रवार को हुई इस बैठक में 30 नवंबर से शुरू हो रहे सत्र की तैयारी पर चर्चा हुई और परिसीमन तथा लोकसभा की 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने के मुद्दे पर पार्टी का रुख तय किया गया।

बैठक के बाद गौरव गोगोई ने कहा कि सरकार परिसीमन विधेयक वापस लाने की कोशिश कर रही है। शनिवार सुबह 11.30 बजे मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में अन्य दलों के साथ बैठक होगी, जिसमें स्टालिन और शरद गुट को भी बुलाया जाएगा। हालांकि शरद की एनसीपी ने बिल का समर्थन देने का ऐलान किया है।

कांग्रेस ने लोकसभा और राज्यसभा में अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है, जिसमें उनसे अगले हफ्ते होने वाली विशेष बैठक के दौरान अपने-अपने सदन में मौजूद रहने को कहा गया है। पार्टी ने सांसदों से 29 नवंबर तक नई दिल्ली पहुंचने के लिए भी कहा है।

शिवसेना ने भी अपने सांसदों को विशेष सत्र में शामिल होने का निर्देश दिया है। पार्टी के मुख्य व्हिप श्रीरंग बारणे ने यह जानकारी दी। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के लोकसभा में 13 और राज्यसभा में 2 सांसद हैं।