गोवा में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी नेतृत्व चुनाव से काफी पहले सहयोगी दलों के साथ गठबंधन को अंतिम रूप देना चाहता है, ताकि विपक्षी दल एक मंच पर आकर सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ साझा चुनावी अभियान चला सकें। इसी सिलसिले में मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ गोवा नेताओं की एआईसीसी महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल के साथ बैठक हुई। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन की तैयारियों और संभावित गठबंधन पर विस्तार से चर्चा की गई।

कांग्रेस गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) और रिवोल्यूशनरी गोअन्स पार्टी (आरजीपी) के साथ गठबंधन को लेकर बातचीत कर रही है। राज्य में विधानसभा चुनाव मार्च 2027 से पहले होने हैं। पार्टी चाहती है कि चुनाव से पहले गठबंधन की तस्वीर साफ हो जाए, ताकि सभी दल मिलकर प्रचार की रणनीति बना सकें। बैठक में एआईसीसी के गोवा प्रभारी माणिकराव ठाकरे और एआईसीसी सचिव अंजलि निंबालकर भी मौजूद रहे। इसके अलावा गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गिरीश चोडनकर, नेता प्रतिपक्ष यूरी आलेमाओ, दक्षिण गोवा के सांसद विरियाटो फर्नांडिस और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

कांग्रेस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, बैठक में भाजपा सरकार की कथित 'बांटो और राज करो' की राजनीति, भ्रष्टाचार और जमीनों पर कब्जे जैसे मुद्दों को उठाने पर चर्चा हुई। पार्टी का मानना है कि इन मुद्दों पर सभी विपक्षी दलों को मिलकर अभियान चलाना चाहिए। बैठक में विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया भी अहम मुद्दा रही। कांग्रेस नेतृत्व चाहता है कि उम्मीदवारों के नाम जल्द तय किए जाएं, ताकि उन्हें अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में काम करने और जनता के बीच पहुंच बनाने के लिए पर्याप्त समय मिल सके। पार्टी उम्मीदवारों के चयन के लिए स्क्रीनिंग कमेटी की घोषणा कर चुकी है और चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं व कार्यकर्ताओं को आवेदन फॉर्म भी जारी किए जा चुके हैं।

कांग्रेस नेताओं ने 'गोय राखोन यात्रा' यानी गोवा बचाओ मार्च की भी समीक्षा की। बैठक में इसके बाद 'गोय राखोन अभियान' को और तेज करने पर चर्चा हुई, जिसके तहत पार्टी घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेगी और उनकी समस्याएं सुनेगी। कांग्रेस महिलाओं, युवाओं, आदिवासी समुदायों और समाज के दूसरे वर्गों से बातचीत करके एक विस्तृत जन घोषणा पत्र तैयार करेगी, जिसमें अलग-अलग वर्गों की जरूरतों और सुझावों को शामिल किया जाएगा। बैठक के अंत में नेताओं ने एकजुट होकर काम करने और 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने का संकल्प जताया।