मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोंडा में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत देवीपाटन मंडल के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के 46,800 छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह टैबलेट केवल एक डिजिटल डिवाइस नहीं, बल्कि युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय है, जिससे उन्हें शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता और कौशल विकास के नए अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस तकनीक का उपयोग अपना भविष्य संवारने में करें। उन्होंने कहा कि रील देखने में 30 सेकंड लगाएं, लेकिन अपने कौशल को निखारने के लिए प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट जरूर दें। उन्होंने कहा कि सपने बड़े होने चाहिए और उसके अनुरूप परिश्रम की क्षमता होनी चाहिए। टैबलेट के साथ सपनों और संकल्पों को भी हमेशा चार्ज रखने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि जब नेगेटिव फोर्सेज डिस्चार्ज होंगी तो युवाओं का भविष्य सुपरचार्ज होगा।
सीएम योगी ने कहा कि युवा साथी ऐप के माध्यम से टैबलेट में 18 हजार से अधिक शैक्षिक कंटेंट और निशुल्क पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं। छात्र-छात्राएं एक क्लिक पर छात्रवृत्ति, इंटर्नशिप, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह डिवाइस युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ डिजिटल उद्यमी बनने में भी मदद करेगा। आईआईएम लखनऊ की एक स्टडी का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि इन उपकरणों के माध्यम से तीन करोड़ लोगों को डिजिटल रूप से सक्षम होने में मदद मिली है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि एआई उन्हें सशक्त बनाने वाला उपकरण होना चाहिए, न कि दिमाग पर हावी होने का माध्यम। उन्होंने कहा कि हर वायरल कंटेंट सही नहीं होता, इसलिए किसी भी सामग्री को साझा करने से पहले फैक्ट चेक करें और डिजिटल सुरक्षा का ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि इस टैबलेट से फीड नहीं, अपना फ्यूचर स्क्रॉल करना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने देवीपाटन मंडल के पुराने हालात का उल्लेख करते हुए कहा कि 2017 से पहले गोंडा का नाम देश के सबसे गंदे शहरों में आया था और बलरामपुर, श्रावस्ती व बहराइच नीति आयोग की आकांक्षी जिलों की सूची में शामिल थे, लेकिन अब यहां मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय और बेहतर सड़कों के रूप में विकास की नई पहचान बन रही है।
