ईडी ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों के मैनपावर घोटाले से जुड़े मामले में रायपुर, दुर्ग और धमतरी में एक साथ तलाशी ली। टीम ने रायपुर के जोरा स्थित पार्क शिरीन कालोनी में जेल एवं होमगार्ड विभाग के वित्त सहायक राजेंद्र सिंह और धमतरी में अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह देवहारी के ठिकानों पर दबिश दी।

जानकारी के अनुसार, धमतरी में अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी के निवास पर ईडी की टीम सुबह छह बजे पहुंची और करीब 14 घंटे तक जांच की। देर शाम तक चली कार्रवाई के बाद टीम कई दस्तावेज और अहम जानकारियां अपने साथ ले गई। वहीं रायपुर में राजेंद्र सिंह के आवास पर टीम ने दोपहर तक दस्तावेज खंगाले।

अपर कलेक्टर के पति नवीन प्रताप सिंह तोमर आबकारी विभाग के पूर्व डिप्टी कमिश्नर हैं। उन्हें फरवरी 2026 में शराब घोटाले से जुड़े 182 करोड़ के ओवरटाइम अनियमितता मामले में ईओडब्ल्यू और एसीबी ने गिरफ्तार किया था। फिलहाल वे जमानत पर हैं।

मूलत: अंबिकापुर के सत्तीपारा क्षेत्र के रहने वाले राजेंद्र सिंह के भाई लोक निर्माण विभाग में इंजीनियर हैं। कार्रवाई के पीछे वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से संबंधित पहलुओं की जांच को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।