चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा की पहली सूची जारी होने के बाद पार्टी में असंतोष सामने आ रहा है। शुक्रवार को पार्टी ने 23 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इसके कुछ ही समय बाद पूर्वांचल के बड़े चेहरे माने जाने वाले पूर्व डिप्टी मेयर अनिल दुबे ने टिकट न मिलने से नाराज होकर भाजपा से इस्तीफा दे दिया है।
अनिल दुबे ने अपना त्यागपत्र पार्टी को भेज दिया है और साफ कर दिया है कि अब वह भाजपा के टिकट पर नहीं, बल्कि निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे। उनके इस फैसले से भाजपा की चुनावी रणनीति को झटका लग सकता है। खासकर उन वार्डों में पार्टी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, जहां पूर्वांचल समाज के मतदाताओं की संख्या महत्वपूर्ण मानी जाती है।
भाजपा ने पहली सूची में जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों के साथ चुनावी जीत की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशियों का चयन किया है। हालांकि टिकट वितरण के बाद कई दावेदारों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है और पार्टी के भीतर नाराजगी सामने आने लगी है। अनिल दुबे का इस्तीफा इस असंतोष का पहला बड़ा संकेत माना जा रहा है। उनके निर्दलीय चुनाव लड़ने के ऐलान से संबंधित वार्ड में मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है।
गौरतलब है कि चंडीगढ़ नगर निगम के 35 वार्डों के लिए 23 दिसंबर को मतदान होना है और इसके लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। राजनीतिक दलों ने चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। अब देखना होगा कि भाजपा नेतृत्व नाराज नेताओं को मनाने में कितना सफल रहता है या टिकट कटने से शुरू हुई बगावत आने वाले दिनों में और तेज होती है।
