कोलकाता : कलकत्ता हाई कोर्ट ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा में ऋतब्रत बनर्जी की नेता विपक्ष के रूप में नियुक्ति को रद्द कर दिया। अदालत ने यह फैसला टीएमसी विधायक दल के नेता शोभनदेब चट्टोपाध्याय की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुनाया। हाई कोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष को नेता विपक्ष के चुनाव पर दोबारा विचार करने और उचित कारणों के साथ आदेश जारी करने के निर्देश दिए हैं।

बता दें कि विधानसभा चुनाव के बाद टीएमसी विधायक दल में बंटवारा हो गया था। विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के 80 विधायक जीते थे। ममता बनर्जी ने विधायक दल की बैठक के बाद शोभनदेब चट्टोपाध्याय को नेता नियुक्त किया था। हालांकि विधायक दल की बैठक में टीएमसी के कई विधायकों ने प्रस्ताव पर फर्जी सिग्नेचर के आरोप लगाए थे। इसके तुरंत बाद ऋतब्रत बनर्जी ने 58 विधायकों के समर्थन का दावा करते हुए टीएमसी में अलग गुट बना लिया और 18वीं पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पद पर दावा ठोक दिया। बागी विधायकों ने विधायक अखरूजम्मां को सचेतक नियुक्त किया। विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बसु ने 3 जून को शोभनदेव चट्टोपाध्याय के दावे को दरकिनार कर ऋतब्रत बनर्जी को नेता विपक्ष का दर्जा दे दिया था। बाद में बागी गुट ने दावा किया कि उनके पक्ष में 60 विधायक हैं।

इस मामले में इससे पहले हाई कोर्ट की खंडपीठ ने ऋतब्रत बनर्जी और अखरुज्जमां को दो महीने तक अंतरिम रूप से अपने पदों पर बने रहने की अनुमति दी थी। हालांकि, 18 अक्टूबर को यह अवधि समाप्त हो गई थी। इसके बाद शोभनदेब चट्टोपाध्याय ने फिर से अदालत का रुख किया। उन्होंने दलील दी कि अंतरिम व्यवस्था की अवधि समाप्त होने और उसे आगे नहीं बढ़ाए जाने के बाद दोनों विधायकों के पास अपने पदों पर बने रहने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है। अब हाई कोर्ट ने ऋतब्रत बनर्जी की विपक्ष के नेता के रूप में नियुक्ति को रद्द करते हुए विधानसभा अध्यक्ष को पूरे मामले पर नए सिरे से विचार करने का निर्देश दिया है।