पंजाब विधानसभा चुनाव में अकेले उतरने की तैयारी कर रही बीजेपी ने गुरुनानक जयंती के मौके पर पुराने सहयोगी अकाली दल से गठबंधन का ऐलान किया। नई दिल्ली में गठबंधन की घोषणा के वक्त गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहे और उन्होंने साफ किया कि मुख्यमंत्री पद बड़े भाई यानी अकाली दल का होगा। इस गठबंधन से सत्तारूढ़ आप और मुख्य विपक्षी कांग्रेस को नई रणनीति बनाने पर मजबूर होना पड़ा है।
छह साल बाद पंजाब में अकालियों के साथ फिर से हाथ मिलाने के पीछे केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल की भूमिका मानी जा रही है। सूरत से लेकर चंडीगढ़ तक चर्चा है कि पाटिल की रिपोर्ट पर ही पीएम मोदी और बीजेपी नेतृत्व ने गठबंधन को हरी झंडी दी। पाटिल 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव में बीजेपी की रिकॉर्ड जीत के लिए भी जाने जाते हैं, जब पार्टी को 156 सीटें मिली थीं।
बताया जाता है कि बीजेपी ने मिशन पंजाब के लिए पहले विजय रूपाणी को जिम्मेदारी दी थी, लेकिन अहमदाबाद प्लेन क्रैश में उनकी मौत के बाद तैयारियों को झटका लगा। सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्री अमित शाह पूरा ऑपरेशन संभाल रहे हैं, जबकि पाटिल की टीम ग्राउंड जीरो और दूसरे दलों पर रणनीति पर नजर रखे हुए है। इस पुनर्मिलन की नींव रखने और स्थिति का आकलन करने की जिम्मेदारी कुछ चुनिंदा लोगों को दी गई थी, जिनमें पाटिल भी शामिल थे।
सीआर पाटिल 1989 से गुजरात में पीएम मोदी के भरोसेमंद सहयोगी माने जाते हैं और वाराणसी लोकसभा क्षेत्र का प्रबंधन भी संभाल चुके हैं। गुजरात पुलिस में कांस्टेबल रह चुके पाटिल कड़क अनुशासन के लिए जाने जाते हैं। गुजरात बीजेपी अध्यक्ष रहते हुए उनके कामकाज की खूब चर्चा होती थी। माना जा रहा है कि उनके सर्वेक्षणों और चुनाव प्रबंधन रणनीतियों ने पंजाब में यह साझेदारी फिर से बहाल करने में अहम भूमिका निभाई।
