बीबीसी हिन्दी की एक वीडियो स्टोरी को 'बेस्ट वीडियो स्टोरी ऑन ह्यूमन राइट्स एंड रिलीजियस फ़्रीडम' श्रेणी में ह्यूमन राइट्स एंड रिलीजियस फ्रीडम जर्नलिस्ट (HRRFJ) अवॉर्ड्स 2026 का विजेता घोषित किया गया है। यह स्टोरी बीबीसी संवाददाता जुगल पुरोहित और सेराज अली ने तैयार की है, जिसमें छत्तीसगढ़ के जंगलों तक विशेष पहुंच के ज़रिए यह दिखाया गया था कि माओवादी विद्रोहियों के ख़िलाफ़ ज़िला रिज़र्व गार्ड (डीआरजी) को किस तरह तैनात किया जा रहा है। स्टोरी में वहां रहने वाले आदिवासियों का हाल भी बताया गया था। दोनों संवाददाताओं ने छत्तीसगढ़ में हालात को क़रीब से जानने के लिए डीआरजी की अलग-अलग टीमों के साथ काफ़ी वक़्त गुज़ारा। डीआरजी में स्थानीय लोग और आत्मसमर्पण कर चुके माओवादी भी शामिल हैं। गृह मंत्रालय के दिसंबर 2024 के बयान के मुताबिक, देश के नौ राज्यों के कई इलाक़े 'नक्सली हिंसा' की गिरफ़्त में थे, जिनमें सबसे ज़्यादा इलाक़े छत्तीसगढ़ में थे। सरकार ने लोकसभा में माना था कि साल 2010 में इस संघर्ष में एक हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हुई थी, जिनमें आम नागरिक और सुरक्षा बल भी शामिल थे। हालांकि साल 2024 में सरकार ने दावा किया कि साल 2010 की तुलना में अब माओवादी हमलों में होने वाली मौतों में बहुत कमी आई है। इसी श्रेणी में बीबीसी उर्दू की एक वीडियो स्टोरी भी तीन फ़ाइनलिस्ट में शामिल रही, जिसमें कश्मीर में पैलेट गन के पीड़ितों की आज की ज़िंदगी को रेखांकित किया गया था। इसके अलावा बीबीसी न्यूज़ मराठी की एक वीडियो स्टोरी 'बेस्ट स्टोरी ऑन ह्यूमन सोलिडेरिटी' श्रेणी के फाइनलिस्ट में जगह बनाने में कामयाब रही, जो उस गांव के बारे में है जिसने जाति-मुक्त समाज के पक्ष में प्रस्ताव पारित किया था। बीबीसी-आई की एक पड़ताल के लिए दिव्या आर्य को राम चंद्र छत्रपति गौरव अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किए जाने की भी घोषणा की गई है। इस पड़ताल में पाया गया था कि इंस्टाग्राम भारत में पैसे लेकर ऐसे विज्ञापन चला रहा है जिसके ज़रिए बच्चों के यौन शोषण की सामग्री का प्रसार हो रहा है।