बाराबंकी में मालगोदाम रोड के साईं मंदिर के पास रहने वाले 34 वर्षीय संजय वर्मा 10 नवंबर को छत से गिरकर घायल हो गए थे। हादसे में उनके बाएं पैर में गंभीर चोट आई थी। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद ऑपरेशन की सलाह दी और तीन दिन पहले उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार को ऑपरेशन होना था, इसी दौरान परिजनों को पता चला कि संजय का आयुष्मान कार्ड सक्रिय नहीं है।

परिवार को उम्मीद थी कि आयुष्मान कार्ड से इलाज का खर्च निकल जाएगा। अस्पताल के कमरा नंबर 11 में परिजनों से राशन कार्ड लाने को कहा गया, लेकिन परिवार का राशन कार्ड पहले ही कट चुका है। ऐसे में निजी खर्च पर इलाज कराना परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

संजय के 70 वर्षीय पिता गंगा प्रसाद पहले सुमैया मिल में काम करते थे। वर्ष 2008 में मिल बंद होने के बाद उन्होंने जमा पूंजी से किसी तरह मकान बनवाया। अब संजय निजी काम करके परिवार का खर्च चलाते हैं। अचानक सामने आए ऑपरेशन के खर्च की व्यवस्था करना उनके लिए मुश्किल हो रहा है।

गंगा प्रसाद का कहना है कि आयुष्मान कार्ड बनते समय ही उसे सक्रिय कराने की प्रक्रिया की जानकारी दे दी जाती तो समय रहते जरूरी कार्रवाई कर लेते। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर कार्ड से इलाज हो जाएगा, लेकिन ऑपरेशन के समय जानकारी मिलने से अब बेटे का इलाज कराएं या पहले पैसों का इंतजाम करें, यह चिंता सता रही है।