विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने बॉलीवुड फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' पर आपत्ति जताई है। शनिवार को VHP ने आरोप लगाया कि फिल्म में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है और रावण का महिमामंडन किया गया है। परिषद ने फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से मांग की है कि फिल्म का प्रमाण पत्र तुरंत रद्द कर स्क्रीनिंग पर रोक लगाई जाए।
VHP के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने आरोप लगाया कि फिल्म में भगवान राम के जीवन की घटनाओं से छेड़छाड़ की गई है और गलत नैरेटिव सेट करने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने राक्षसों को धरती से हटाने की प्रतिज्ञा ऋषि-मुनियों के आश्रमों के बाहर हड्डियां देखकर की थी, जो सीता हरण से पहले की घटना है, लेकिन फिल्म में इसे सीता हरण के बाद दिखाया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रावण को दलितों, शोषितों और वंचितों के उद्धारक के रूप में दिखाकर उसके प्रति सहानुभूति पैदा करने की कोशिश की गई है।
VHP के महासचिव बजरंग लाल बागड़ा ने आरोप लगाया कि निर्माताओं ने महर्षि वाल्मीकि की मूल रामायण के कई प्रसंगों को तोड़-मरोड़कर पेश किया है। परिषद का कहना है कि फिल्म में अहिल्या उद्धार, निषादराज गुह से मित्रता और केवट की भक्ति जैसी घटनाओं को स्थान नहीं दिया गया। आलोक कुमार ने कहा कि VHP फिल्म को चुनौती देने के लिए कानूनी रास्ते तलाश रही है और सेंसर बोर्ड को अपने फैसले पर दोबारा विचार करना चाहिए।
रणवीर कपूर और यश अभिनीत यह फिल्म 5 नवंबर को रिलीज हुई थी और अब तक वैश्विक स्तर पर करीब 1,573 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर चुकी है, जिसमें से 879 करोड़ रुपए भारत में हुए हैं। फिल्म अभी चीन और रूस जैसे बड़े बाजारों में रिलीज नहीं हुई है, और इसका दूसरा पार्ट भी आने वाला है। पहले पार्ट में रावण की कहानी और जटायु वध तक की घटनाएं दिखाई गई हैं।
