तेलंगाना साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो ने फिल्मों की पाइरेसी करने वाले एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। ब्यूरो ने शनिवार को जारी बयान में बताया कि आंध्र प्रदेश के कुरनूल निवासी शैक रिजवान (19) और रामपोगु अजय (19) को 20 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई एंटी-पाइरेसी यूनिट से मिली जानकारी के आधार पर की गई।

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी कॉपीराइट धारकों की अनुमति के बिना फिल्मों का वितरण करने वाले प्लेटफॉर्म चला रहे थे। आरोप है कि वे कुरनूल के एक सिनेमाघर में मोबाइल फोन से नई रिलीज हुई फिल्में रिकॉर्ड करते थे और फिर उनकी वीडियो रिकॉर्डिंग एक वेबसाइट पर अपलोड कर देते थे। ब्यूरो के मुताबिक, आरोपियों को हर फिल्म रिकॉर्ड करने के बदले 20 हजार रुपये क्रिप्टोकरेंसी में दिए जाते थे, जिसे बाद में भारतीय मुद्रा में बदला जाता था। आरोपियों के पास से रिकॉर्डिंग में इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

जांच में यह भी पता चला कि नेटवर्क के सदस्य अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी नामों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते थे। पाइरेसी वेबसाइटों पर ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी से जुड़े एप के विज्ञापन और लिंक भी दिए जाते थे, जिनसे अवैध कमाई की जा रही थी। ब्यूरो अब इस नेटवर्क से जुड़े वित्तीय लेनदेन का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटा है।

जांच के दौरान जिन फिल्मों की अवैध रिकॉर्डिंग सामने आई है, उनमें रामायण, महाशक्ति, आकाशम्लो ओका तारा और आदर्श कुटुंबम शामिल हैं।