बिज़नेस, संगीत और फ़िल्म जगत में सक्रिय अनन्या बिड़ला इन दिनों चर्चा में हैं। वह उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला की बेटी हैं और बिड़ला परिवार की छह पीढ़ियों में कारोबार की दुनिया में कदम रखने वाली पहली महिला बताई जाती हैं। 32 साल की अनन्या आदित्य बिड़ला समूह की 10 कंपनियों में डायरेक्टर की भूमिका निभा रही हैं और स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड की चेयरपर्सन हैं।

करण जौहर के शो 'कॉफ़ी विद करण' के नौवें सीजन के छठे एपिसोड में उन्होंने अपनी निजी ज़िंदगी, शादी के प्रस्तावों और कारोबारी दुनिया में पितृसत्ता पर बात की। अनन्या ने बताया कि उन्हें शादी का एक बड़ा प्रस्ताव मिला था और एक ही व्यक्ति की ओर से कई बार प्रस्ताव आए थे। उन्होंने उस व्यक्ति का नाम बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने ख़ुद को रोमांटिक मिज़ाज का इंसान बताया।

अनन्या ने 2016 में सिंगिंग करियर की शुरुआत की थी, लेकिन मई 2024 में संगीत से दूरी बनाने का ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा था कि दो बिज़नेस और संगीत को एक साथ संभालना मुश्किल हो रहा है और अब वह पूरा ध्यान बिज़नेस पर लगाना चाहती हैं। इस साल फ़रवरी में उन्होंने बिड़ला स्टूडियोज़ की शुरुआत की, जहां वह फ़ाउंडर और चेयरपर्सन हैं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने इम्तियाज़ अली की फ़िल्म 'मैं वापस आऊंगा' से बतौर निर्माता बॉलीवुड की पारी शुरू की। अब वह फिल्म प्रलय को प्रोड्यूस कर रही हैं, जिसमें रणवीर सिंह हैं और निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं।

अनन्या अपने कारोबारी सफ़र में पिता कुमार मंगलम बिड़ला के योगदान को अहम मानती हैं। उनके मुताबिक़ पिता ने उन्हें आश्वस्त किया कि जेंडर मायने नहीं रखता, काबिलियत मायने रखती है। एक इंटरव्यू में कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा था कि अब हर जगह बदलाव आ रहा है और यह ऐसी पीढ़ी है, जो बेटा और बेटी के बीच फ़र्क़ नहीं करती।