वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के गिरधरपुर गांव में आपसी रंजिश के चलते एक युवक के साथ मारपीट और उसकी नाक काटने का मामला सामने आया है। पीड़ित की मां की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, गिरधरपुर गांव निवासी सुशीला देवी ने गांव के ही कमलेश, अवधेश और शिवपूजन पर उनके बेटे जयशिव के साथ मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने का आरोप लगाया है। सुशीला देवी के मुताबिक, 23 नवंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे तीनों आरोपी उनके घर आए और किसी बात के बहाने जयशिव को अपने साथ ले गए। आरोप है कि वहां पहुंचने पर तीनों ने जयशिव के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर उसे जमीन पर पटककर लात-मुक्कों से पीटा।

तहरीर में आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने जयशिव की नाक पर दांत से हमला कर उसे काट लिया, जिससे अत्यधिक खून बहने लगा और वह बेहोश हो गया। परिजन उसे नरपतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर या निजी अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजनों ने उसे लेदूपुर स्थित शिवनाथ सर्जिकल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी कमलेश, अवधेश और शिवपूजन के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ और साक्ष्य जुटा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।