अमरोहा के डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव पतेई खालसा की रहने वाली 23 वर्षीय रोशनी राघव ने इंस्टाग्राम पर हुई पहचान के बाद अपना वैवाहिक घर छोड़कर मुरादाबाद निवासी 37 वर्षीय अमित कुमार के साथ लिव इन में रहने का फैसला किया है। दोनों ने साथ रहने के लिए 100 रुपये के स्टांप पेपर पर नौ शर्तों वाला इकरारनामा तैयार कराया है और उस पर अपनी सहमति दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार, रोशनी की इंस्टाग्राम के जरिए अमित कुमार से जान-पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। इसके बाद रोशनी ने पति का घर छोड़कर अमित के साथ रहने का निर्णय लिया। इस मामले में एक अहम पहलू यह भी सामने आया है कि अमित कुमार पहले से विवाहित है और दो बच्चों का पिता है।

इस घटनाक्रम का सबसे चर्चित हिस्सा दोनों का तैयार कराया गया इकरारनामा है, जिसमें 100 रुपये के स्टांप पेपर पर नौ शर्तें लिखकर साथ रहने की सहमति जताई गई है। इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती, घर छोड़ने का फैसला और फिर शर्तों के साथ लिखित इकरारनामा, इन सबने अमरोहा से मुरादाबाद तक लोगों का ध्यान खींचा है।

फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है। अब देखने वाली बात होगी कि नौ शर्तों पर शुरू हुआ यह साथ आगे किस मुकाम तक पहुंचता है।