सोनभद्र के राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में शक्तिनगर-वाराणसी राजमार्ग पर लोहरा पावर हाउस के पास गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौत हो गई थी। मृतक की पहचान न हो पाने के कारण पुलिस उसके स्वजन तक पहुंचने का प्रयास कर रही थी। इस बीच पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल के चेचिस नंबर के जरिए वाहन से जुड़ी जानकारी जुटाई।

पुलिस ने मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना से संपर्क कर वाहन स्वामी और उसके पते का सत्यापन कराया। इसके बाद मृतक के भाई नारायण देव दुबे और ग्राम प्रधान दीपक पांडेय से बातचीत हुई। उन्होंने मृतक की पहचान पप्पू दुबे (33) पुत्र पंच बहादुर दुबे, निवासी ग्राम खजूरी, थाना बैढ़न, जनपद सिंगरौली के रूप में की।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी है। चेचिस नंबर के आधार पर हुई इस पहचान से अज्ञात मृतक का राज खुल गया और स्वजन तक सूचना पहुंचाई जा सकी।