जमुई के गरही थाना क्षेत्र के अरुणाबांक गांव में गुरुवार की संध्या 12 वर्षीय प्रीति कुमारी का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। मृतका गांव निवासी केनू यादव की पुत्री थी। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, उसकी दादी कालेश्वरी देवी ने उसे कहीं जाने को लेकर डांट-फटकार लगाई थी, जिसके बाद बच्ची नाराज होकर घर के अंदर चली गई थी। कुछ देर बाद परिजनों ने उसे फंदे से लटका पाया।

घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए जांच-पड़ताल की।

गरही थानाध्यक्ष विपिन चंद्र पलटा भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।