वैशाली जिले के जंदाहा स्थित महिसौर थाना क्षेत्र के मुर्तुजापुर गांव में एक नवविवाहित बीपीएससी शिक्षिका ससुराल से रहस्यमय ढंग से लापता हो गई है। लापता शिक्षिका की पहचान 27 वर्षीय शिवानी कुमारी के रूप में हुई है, जो बिदुपुर थाने के खपुरा निवासी कुंदन राय की पुत्री बताई गई है। शिक्षिका के पिता ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए दहेज प्रताड़ना के चलते उसकी हत्या कर शव गायब कर देने की आशंका जताई है। घटना की सूचना के बाद पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, शिवानी की शादी गौरव अभिषेक से हुई थी। उनके पति भुवनेश्वर के अंगुल में रेलवे में जूनियर इंजीनियर हैं, ससुर जन वितरण प्रणाली की दुकान चलाते हैं और सास भी शिक्षिका हैं। शिवानी वर्ष 2023 में बीपीएससी शिक्षिका बनी थीं और अपने ससुराल क्षेत्र के महिपुरा पंचायत के वार्ड संख्या एक स्थित सरकारी स्कूल में कार्यरत थीं। पिता के अनुसार, 25 नवंबर की दोपहर शिक्षिका के ससुर ने उन्हें फोन करके किसी काम के सिलसिले में अपने घर बुलाया था। जब वे बेटी के ससुराल पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि उनकी बेटी घर से गायब है। इससे पहले लड़का पक्ष ने महिसौर थाने में शिक्षिका के लापता होने की सूचना दे दी थी।
पिता के मुताबिक, गुरुवार की सुबह जब वे दोबारा बेटी के ससुराल पहुंचे, तो घर में ताला लगा हुआ था और ससुराल पक्ष के सभी सदस्य वहां से फरार थे। स्वजनों ने बताया कि परिवार के लोगों के मोबाइल फोन भी बंद आ रहे थे। इसके बाद मायके पक्ष से बड़ी संख्या में लोग मुर्तुजापुर पहुंच गए। शिक्षिका के पिता कुंदन राय ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी पर कथित तौर पर दबाव बनाकर स्कूल में 25 और 26 नवंबर की छुट्टी का आवेदन दिलवाया गया था। उन्होंने बताया कि बेटी की शादी 05 फरवरी 2026 को सोनपुर के जन्नत गार्डन में हुई थी, जिसमें उन्होंने करीब 30 लाख रुपये नकद, स्कॉर्पियो गाड़ी और अन्य सामान दहेज में दिया था। इसके बावजूद उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और नया मकान बनवाने के नाम पर पैसों की मांग की जा रही थी। बेटी फोन पर उन्हें दहेज को लेकर प्रताड़ित किए जाने की बात बताती थी।
घटना की सूचना मिलते ही जंदाहा थानाध्यक्ष अनामिका कुमारी और महिसौर थानाध्यक्ष आदर्श कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। वहीं, एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने शिक्षिका के कमरे से कुछ संदिग्ध नमूने एकत्र किए हैं। शिक्षिका की तलाश और घटनास्थल की जांच के लिए डॉग स्क्वायड टीम ने भी मौके पर छानबीन की, लेकिन फिलहाल कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। स्वजनों ने महिसौर थाने में आवेदन देकर शीघ्र कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
