अमेरिका ने भारत समेत कई देशों पर नए टैरिफ़ लगाने का एलान किया है, जिससे टैरिफ़ वॉर तेज़ होने की आशंका बढ़ गई है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) ने मैन्युफ़ैक्चरिंग में अधिक उत्पादन को लेकर सेक्शन 301 की जांच के बाद यह प्रस्ताव दिया है। प्रस्ताव के मुताबिक़ भारतीय सामानों पर 25% तक टैरिफ़ लगाया जा सकता है, लेकिन दोनों देशों के बीच ट्रेड डील होने पर यह दर घटकर 17% किए जाने का भी प्रस्ताव है।
भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने अमेरिकी जांच में लगाए गए आरोपों का खंडन किया है। मंत्रालय ने कहा कि जांच शुरू करने के नोटिस के जवाब में वाणिज्य विभाग ने पहले ही कहा था कि भारत के किसी भी सेक्टर में संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है। मंत्रालय के अनुसार ट्रेड डील पर बातचीत चल रही है और भारत का रुख़ है कि व्यापार से जुड़ी किसी भी चिंता का समाधान इन वार्ताओं के दायरे में ही किया जाना चाहिए। सरकार ने समझौते को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई है।
यूएसटीआर ने भारत पर मुख्य रूप से पांच आरोप लगाए हैं, जिनमें मैन्युफ़ैक्चरिंग बढ़ाने की योजनाएं, श्रमिकों के अधिकारों की अनदेखी, वित्तीय क्षेत्र में सरकारी हस्तक्षेप, बाज़ार तक पहुंच में बाधाएं और वैश्विक अतिरिक्त उत्पादन पर लगाम लगाने में नाकामी शामिल है। यूएसटीआर का कहना है कि भारत की मैन्युफ़ैक्चरिंग योजनाओं से औद्योगिक क्षमता में जो बढ़ोतरी हुई है, वह अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए नुक़सानदायक है।
फिक्की-सीएमएसएमई की अध्यक्ष हरजिंदर कौर तलवार ने नए टैरिफ़ के एलान को भारतीय उद्योगों के लिए चिंताजनक बताया है। उन्होंने कहा कि 25% टैरिफ़ भारतीय एमएसएमई के लिए बेहद मुश्किल होगा, क्योंकि वे पहले से ही बहुत कम मुनाफ़े पर काम करते हैं और भारत सिर्फ़ निष्पक्ष शर्तों पर ट्रेड डील का स्वागत करता है। इकोनॉमिक टाइम्स के मुताबिक़ ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (जीटीआरआई) ने भारत को सतर्क रहने और टैरिफ़ में बदलाव के बदले एकतरफ़ा रियायतें देने से बचने की सलाह दी है।
ईईपीसी इंडिया के अध्यक्ष पंकज चड्ढा ने कम दर वाले प्रस्तावित टैरिफ़ को फ़ायदे का सौदा होने पर शंका जताई है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश, इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड जैसे पड़ोसी देशों पर लगभग 18% टैरिफ़ है, ऐसे में 17% दर को बड़ा फ़ायदा मानना जल्दबाज़ी होगी। पीएचडी चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सीईओ और महासचिव डॉ. रंजीत मेहता ने भी कहा कि नया टैरिफ़ तुरंत लागू नहीं होने जा रहा है और ट्रेड डील न होने की स्थिति में ही 25% शुल्क लगेगा। उनके अनुसार यह बातचीत के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला साधन है और भारत को समझौते पर जल्द बातचीत कर उसे अंतिम रूप देने पर ध्यान देना चाहिए।
