उन्नाव के नवाबगंज में एक शादी समारोह में सोने की जगह आर्टिफिशियल ज्वेलरी सामने रखे जाने पर कन्या पक्ष के भड़कने से विवाद खड़ा हो गया। मामला इतना बढ़ा कि वर पक्ष बिना दुल्हन के बरात लेकर लौट गया। कन्या पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
अजगैन क्षेत्र के गांव एतबारपुर निवासी एक किसान की बेटी की शादी कस्बा स्थित एक गेस्टहाउस में तय हुई थी। बुधवार रात करीब आठ बजे दही क्षेत्र के जमुनवा से बरात गेस्टहाउस पहुंची। स्वागत के बाद जयमाल हुआ। गुरुवार सुबह भांवर की तैयारी के दौरान कन्या पक्ष के कहने पर वर पक्ष ने ज्वेलरी सामने रखी, जो आर्टिफिशियल निकली। इस पर कन्या पक्ष भड़क गया और विवाद शुरू हो गया।
कन्या पक्ष ने 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले दूल्हा अपने रिश्तेदारों के साथ गेस्टहाउस से चला गया। कन्या पक्ष ने कई बार फोन किया, लेकिन वर पक्ष की ओर से किसी ने फोन नहीं उठाया। बिना दुल्हन के बरात लौटने से कन्या पक्ष आहत है।
कन्या के पिता के अनुसार शादी तय होने पर दूल्हे के पिता ने 300 बराती लाने की बात कही थी, जिसके हिसाब से इंतजाम किए गए थे, लेकिन मौके पर केवल 25 बराती पहुंचे। गुरुवार को कन्या के पिता ने थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। चौकी प्रभारी मुकुल दुबे ने बताया कि शिकायती पत्र मिला है और दूल्हे पक्ष को बुलवाया गया है।
