प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें पांच बड़े फैसले लिए गए। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि देश में सड़क, पुल और सुरंग निर्माण का काम बढ़ने से बुलडोजर, क्रेन और बड़ी मशीनों की मांग बढ़ रही है। अभी इनकी आधी से ज्यादा जरूरत विदेशों से पूरी होती है। सरकार अब 11 हजार करोड़ रुपए खर्च कर अगले 8 साल में इन मशीनों और इनके पार्ट्स के निर्माण को देश में बढ़ावा देगी। इसके लिए जेसीबी जैसी कंपनियों के साथ छोटे पार्ट्स बनाने वाली कंपनियों को भी आर्थिक मदद दी जाएगी। मशीनों की जांच के लिए अलग सेंटर बनाया जाएगा, जिसके लिए एआरएआई को 375 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। वैष्णव के मुताबिक, सुरंग खोदने जैसी एक बड़ी मशीन बनाने में 500-600 कंपनियों के पार्ट्स लग सकते हैं।
तमिलनाडु के कामराजार बंदरगाह पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल बनाने की मंजूरी मिली है। इसे सार्वजनिक-निजी भागीदारी यानी पीपीपी मॉडल के तहत बनाया जाएगा। परियोजना पर करीब 4,288.26 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।
केंद्रीय कैबिनेट ने असम के सिलचर के डोलू में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण को मंजूरी दी है। परियोजना पर करीब 2,014 करोड़ रुपए खर्च होंगे। यह एयरपोर्ट बांग्लादेश बॉर्डर से करीब 20 किमी दूर बनेगा और इसकी क्षमता सालाना 10 लाख यात्रियों की होगी।
इसके अलावा कैबिनेट ने डाक संचालन योजना को 16वें वित्त आयोग की अवधि के लिए जारी रखने की मंजूरी दी है, जिसके लिए 1,141 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। डाक विभाग की एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम को वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने के लिए 1,491 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इसके तहत देशभर में डाक विभाग के भवनों और सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा।
