तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के पीजी मनोविज्ञान विभाग में शुक्रवार को 'भारतीय ज्ञान परंपरा और सतत विकास लक्ष्य-4 : वैश्विक परिदृश्य' विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन हुआ। प्रभारी कुलपति प्रो. रंजना, मुख्य अतिथि बिहार विधान परिषद सदस्य डॉ. संजीव कुमार सिंह, पूर्व कुलपति प्रो. अवध किशोर राय, प्रो. नीलाम्बुज किशोर वर्मा, कुलसचिव प्रो. रामाशीष पूर्वे, प्रो. अरुण कुमार सिंह, विभागाध्यक्ष प्रो. लक्ष्मी पाण्डेय और आयोजन सचिव डॉ. सपना ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि डॉ. संजीव कुमार सिंह ने कहा कि एआई और मेटा किताबों का स्थान नहीं ले सकते। उन्होंने कहा कि पुस्तक पढ़कर ज्ञान अर्जित करने और गूगल से जानकारी लेने में बड़ा अंतर है। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा की बुनियाद रामायण, महाभारत और संत कबीर की वाणी में बताई तथा अशिक्षा को देश की सबसे बड़ी दुश्मन करार दिया। सत्र की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी कुलपति प्रो. रंजना ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक शिक्षा को विरोधी न मानकर एक-दूसरे का पूरक बनाना चाहिए।
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के डॉ. मिथिलेश तिवारी ने कहा कि शिक्षा बेहतर मनुष्य निर्माण की प्रक्रिया है। मध्य प्रदेश से आए की-नोट वक्ता डॉ. आयुष गुप्ता ने भारतीय संस्कृति की विशिष्टता और प्राचीन ऋषियों के आध्यात्मिक ज्ञान पर प्रकाश डाला। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली के प्रो. अरुण कुमार सिंह ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना पर जोर दिया। पूर्व कुलपति प्रो. अवध किशोर राय ने वैदिक ज्ञान के संरक्षण पर बल दिया, जबकि प्रो. नीलाम्बुज किशोर वर्मा ने पुरानी ज्ञान परंपरा और वर्तमान शिक्षा प्रणाली के संतुलित उपयोग की बात कही।
विभागाध्यक्ष एवं सम्मेलन संयोजक प्रो. लक्ष्मी पाण्डेय ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य सतत विकास लक्ष्य-4 के संदर्भ में भारतीय ज्ञान प्रणाली की प्रासंगिकता रेखांकित करना है। आयोजन सचिव डॉ. सपना ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा का मूल मंत्र 'वसुधैव कुटुम्बकम्' और 'सर्वे भवन्तु सुखिनः' है। मनोविज्ञान के दृष्टिकोण से उन्होंने सांख्य-योग परंपरा के त्रिगुण सिद्धांत की व्याख्या करते हुए कहा कि परीक्षा-केंद्रित शिक्षा विद्यार्थियों में रजोगुण और तमोगुण बढ़ा रही है, जबकि शिक्षा का लक्ष्य सत्त्वगुण की ओर ले जाना है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश विश्व का प्रथम और सर्वश्रेष्ठ काउंसलिंग एवं साइकोथेरेपी सत्र है। उद्घाटन सत्र में सम्मेलन की स्मारिका का विमोचन भी किया गया, जिसमें देश-विदेश के शिक्षकों और शोधार्थियों के शोध आलेख प्रकाशित हैं।
