कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2 (सीएसए से बर्रा-8 तक) में निर्माण के साथ तकनीकी प्रणालियों की स्थापना का काम तेजी से चल रहा है। लगभग 8.60 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में सिग्नल सिस्टम की स्थापना ने भी रफ्तार पकड़ ली है। रावतपुर अंडरग्राउंड स्टेशन पर कॉरिडोर की मेनलाइन का पहला सिग्नल स्थापित कर दिया गया है। इसे मेट्रो के सुरक्षित और सुचारु संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया जा रहा है। अलग-अलग स्टेशनों पर अब तक तीन इमरजेंसी स्टॉप प्लंजर (ईएसपी) भी लगाए जा चुके हैं।
मेट्रो ट्रेनों को एक ट्रैक से दूसरे ट्रैक पर सुरक्षित और स्वचालित तरीके से स्थानांतरित करने के लिए 12 पॉइंट मशीनें लगाई जाएंगी। इनमें सीएसए विश्वविद्यालय, रावतपुर और विजय नगर चौराहा स्टेशन पर चार-चार मशीनें स्थापित होंगी। इसके अलावा पांचों स्टेशनों के बीच कुल 69 एक्सल काउंटर लगाए जाएंगे, जो ट्रैक पर ट्रेन की मौजूदगी का पता लगाने और ट्रेनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पांचों स्टेशनों पर 15 इमरजेंसी स्टॉप प्लंजर लगाने की योजना है। प्रत्येक स्टेशन पर तीन-तीन प्लंजर स्थापित होंगे, जिनका इस्तेमाल किसी आपात स्थिति में मेट्रो ट्रेन को रोकने के लिए किया जा सकेगा। इसके साथ ही पांच इलेक्ट्रिकल ट्रांसमीटर ईकेटी भी लगाए जाएंगे।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने बताया कि कॉरिडोर-2 के स्टेशनों पर तकनीकी कक्षों का निर्माण और फिनिशिंग कार्य तेजी से चल रहा है। साथ ही ट्रैक, थर्ड रेल, इलेक्ट्रिकल और अन्य तकनीकी प्रणालियों की स्थापना भी की जा रही है। सिग्नलिंग सिस्टम के तहत टीआरए (ट्रैक/ट्रेन स्टेटस एंड रिले अपरेटस), ऑप्टिकल फाइबर केबल, इंडोर-आउटडोर केबल और जंक्शन बॉक्स लगाने का काम भी जारी है। उन्होंने कहा कि पूरी टीम और कार्यदायी संस्थाएं निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए समर्पण के साथ काम कर रही हैं। कॉरिडोर-2 में सिग्नलिंग उपकरणों की स्थापना पूरी होने के बाद मेट्रो संचालन की सुरक्षा और तकनीकी व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
