बांग्लादेश में मजदूरों के विरोध-प्रदर्शन और अस्थिरता के कारण एचएंडएम, मार्क्स एंड स्पेंसर और सेलियो जैसे प्रमुख वैश्विक फैशन ब्रांड्स ने अपने ऑर्डर भारत और अन्य एशियाई देशों की ओर शिफ्ट करना शुरू कर दिया है। नवंबर के पहले पखवाड़े (1 से 18 नवंबर) के बीच वैश्विक रिटेलर्स ने अपने कुल ऑर्डर का करीब 10 प्रतिशत हिस्सा यानी 25.4 करोड़ डॉलर (लगभग 2,100 करोड़ रुपये से अधिक) के ऑर्डर बांग्लादेश से हटाकर दूसरे देशों को दे दिए। सप्लाई चेन के जोखिम को घटाने और समय पर डिलीवरी के लिए खरीदारों ने सबसे ज्यादा ऑर्डर भारत को दिए, जबकि कुछ ऑर्डर वियतनाम, कंबोडिया और इंडोनेशिया भी गए।
बांग्लादेश गार्मेंट मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के अनुसार, नवंबर की शुरुआत से जारी हड़ताल और प्रदर्शनों से उद्योग को अब तक 40 करोड़ डॉलर (करीब 3,300 करोड़ रुपये) से अधिक का उत्पादन नुकसान हो चुका है। बांग्लादेश की कुल निर्यात आय में गार्मेंट सेक्टर की हिस्सेदारी 80 प्रतिशत से अधिक है और यह देश के करीब 40 प्रतिशत विनिर्माण रोजगार देता है।
बांग्लादेश सरकार ने बुधवार को गार्मेंट मजदूरों के न्यूनतम वेतन में 36 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी, जो पिछले चार दशकों में सबसे कम वृद्धि है। मजदूर अपने मौजूदा वेतन को दोगुना करने की मांग कर रहे थे। इस फैसले के बाद पुलिस और मजदूरों के बीच फिर झड़पें शुरू हो गईं। उद्योग जगत का मानना है कि वेतन बढ़ने से भारत की तुलना में बांग्लादेश को मिलने वाला सस्ती मजदूरी का लाभ कम हो जाएगा।
मध्य पूर्व संकट के कारण बांग्लादेश में बिजली की भारी कमी हो गई है, जिससे फैक्ट्रियों को महंगे वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। ढाका के आसपास की फैक्ट्रियों को 20 से 25 कार्यदिवसों का नुकसान हुआ है। बांग्लादेश में ऑर्डर पूरा करने और डिलीवरी में लगभग 120 दिन लग रहे हैं, जबकि भारत और अन्य प्रतिस्पर्धी देश 60 से 90 दिनों में डिलीवरी दे रहे हैं। भारत खरीदारों को करीब एक हफ्ते और वियतनाम-कंबोडिया 15 दिन पहले डिलीवरी का लाभ दे रहे हैं।
