नई दिल्ली: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल में श्रीलंका ए ने भारत ए को 8 विकेट से हरा दिया। भारत ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 317 रन का स्कोर खड़ा किया था, लेकिन श्रीलंकाई टीम ने लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। हार के बाद कप्तान तिलक वर्मा ने कहा कि टीम की योजनाएं मैदान पर लागू नहीं हो सकीं और यह उनके लिए बुरा दिन रहा।

तिलक वर्मा ने बताया कि उन्होंने खिलाड़ियों से कहा था कि शुरुआती 15 ओवर अहम होंगे। अगर विपक्षी टीम को छह रन प्रति ओवर के आसपास भी रोका जाता तो यह अच्छा होता, क्योंकि बाद में विकेट धीमा हो जाता है। उन्होंने कहा कि योजना बनी थी, लेकिन उसे लागू नहीं किया जा सका। स्कोर को लेकर उन्होंने कहा कि 320 या 330 के आसपास का स्कोर बोर्ड पर अच्छा रहता, लेकिन 20 ओवर के बाद विकेट धीमा हो गया और कुछ गेंदें नीची रह रही थीं। बीच में लगातार तीन विकेट गिरे, जिसके बाद तनुष और शाहबाज की बल्लेबाजी से 317 का स्कोर ठीक-ठाक बन सका।

श्रीलंका ए की 174 रनों की ओपनिंग साझेदारी पर तिलक ने कहा कि इसका श्रेय दोनों सलामी बल्लेबाजों को जाता है, जिन्होंने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने सभी गेंदबाजों को आजमाया, लेकिन उन्हें कोई मदद नहीं मिल सकी और यह टीम के लिए अलग तरह का बुरा दिन रहा।

कप्तान ने युवा खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि शाहबाज और तनुष जैसे कई युवा पहली बार खेल रहे हैं। उनके पास उपयोगी गेंदबाजी है और वे निचले क्रम में बल्लेबाजी भी कर सकते हैं, जो सकारात्मक बात है। तनुष भी ऑलराउंडर के तौर पर वापसी कर रहे हैं। तिलक ने कहा कि बल्लेबाजी समूह ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन गेंदबाजी को लेकर टीम आत्ममंथन करेगी और मजबूत होकर वापसी करेगी।