मुजफ्फरनगर जिले के सिसौली गांव में किसान नेता चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत का पुश्तैनी घर है। यहीं राकेश टिकैत और नरेश टिकैत संयुक्त परिवार की तरह रहते हैं। हाल ही में डेनमार्क की बहू क्लारा यनशन के साथ मुजफ्फरनगर के अनिल वर्मा अपने परिवार के साथ 40 साल बाद गांव पहुंचे, जहां विदेशी मेहमानों का देसी अंदाज में भव्य स्वागत हुआ। इसके बाद टिकैत परिवार के इस घर की चर्चा हो रही है।
चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत के बड़े बेटे नरेश टिकैत भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जबकि राकेश टिकैत बीकेयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। सुरेंद्र टिकैत और नरेंद्र टिकैत मुख्य रूप से गांव में रहकर खेती-किसानी और पारिवारिक जिम्मेदारियां संभालते हैं। घर में महेंद्र सिंह टिकैत की यादें संजोकर रखी गई हैं। उनकी बैलगाड़ी और पुराना ट्रैक्टर घेर में खड़े हैं। एक कमरे में उनकी तस्वीर के आगे घर के देसी घी से ज्योत 24 घंटे जलती रहती है। उसी कमरे में उनका हुक्का और बिस्तर लगी खाट रखी है। इस कमरे में प्रवेश करने वाले जूते-चप्पल बाहर उतारकर ही जाते हैं।
चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत का परिवार पारंपरिक रूप से बालियान खाप का नेतृत्व करता है और भारतीय किसान यूनियन के माध्यम से किसान आंदोलनों का केंद्र रहा है। गांव के पंचायत भवन में बाबा महेंद्र सिंह की समाधि बनी है और इससे लगा हुआ आलीश्य मंदिर है। पंचायत भवन में गांव के विवाह-शादी आदि कार्यक्रम होते हैं और बड़े फैसले भी लिए जाते हैं। घर के पास घेर में घोड़ों का अस्तबल है, जहां घोड़ों की देखरेख होती है। घर और घेर में गौशाला भी बनी है, जिसमें कई गाय-भैंस बंधी हैं। घर का खाना और दीया घर के बने घी से ही बनाया और जलाया जाता है।
