श्रीनगर के रहने वाले 42 वर्षीय तनवीर ख़ान का दावा है कि वह जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की 300 अल्पाइन झीलों तक जाने वाले रास्तों का रिकॉर्ड तैयार करने वाले पहले भारतीय हैं। उन्होंने 31 अक्तूबर को लद्दाख के चांग ला दर्रे के पास त्सो लतक पहुँचकर यह आंकड़ा पूरा किया। अल्पाइन झीलें पहाड़ी इलाक़ों में काफ़ी ऊँचाई पर होती हैं, आमतौर पर उस ऊँचाई पर जहाँ पेड़ उगना बंद हो जाते हैं।

तनवीर पिछले 13 साल में भारतीय हिमालयी क्षेत्र के ऊबड़-खाबड़ रास्तों और ऊँचे दर्रों पर सात हज़ार किलोमीटर से ज़्यादा की दूरी पैदल तय कर चुके हैं। साल 2024 में 200 अल्पाइन झीलों का आंकड़ा पूरा करने पर कश्मीर के पर्यटन विभाग और निजी संस्था इंडिया बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स ने उनकी उपलब्धि को मान्यता दी थी। कश्मीर का पर्यटन विभाग 11 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय पर्वत दिवस पर उन्हें सम्मानित करने की योजना बना रहा है।

पर्यटन विभाग में कश्मीर डिवीज़न के निदेशक रह चुके महमूद शाह कहते हैं कि तनवीर ने बहुत से लोगों को प्रेरित किया है और अगली पीढ़ी अब उनसे आगे निकलना चाहती है। तनवीर कश्मीर में एक निजी कंपनी में क्षेत्रीय प्रबंधक के तौर पर काम करते हैं और लगभग हर रविवार इस अभियान में जुट जाते हैं। उनकी माँ शकीला कहती हैं कि शनिवार आते ही उन्हें चिंता होने लगती है और जब तक बेटा वापस नहीं आता, वे परेशान रहती हैं।

वन और रिमोट सेंसिंग विभागों के एक सर्वेक्षण के मुताबिक़ जम्मू-कश्मीर में 533 अल्पाइन झीलें हैं, जो समुद्र तल से तीन हज़ार मीटर या उससे अधिक ऊँचाई पर मौजूद हैं और पीने के पानी की ज़रूरतों के लिहाज़ से अहम हैं। तनवीर का यह सफ़र साल 2012 में शुरू हुआ, जब कश्मीर के कुछ शौकिया पर्वतारोहियों ने जम्मू-कश्मीर माउंटेनियरिंग एंड हाइकिंग क्लब दोबारा शुरू किया था। साल 2016 में उन्होंने सोशल मीडिया पर 'पाथफ़ाइंडर्स' नाम का ग्रुप बनाया।