सुप्रीम कोर्ट ने पत्रकार की परिभाषा और प्रदर्शन की रिपोर्टिंग के दौरान मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मिलने वाली सुरक्षा से जुड़े सवाल पर विचार करने की बात कही है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने गुरुवार को यह टिप्पणी की। पीठ ने कहा कि पत्रकारिता की आजादी और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के बीच संतुलन जरूरी है और कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
शीर्ष अदालत ने मामले को पांच सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति के पास भेज दिया है, जिसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश आर. सुभाष रेड्डी कर रहे हैं। कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं से समिति के सामने सबूत और अन्य सामग्री पेश करने को कहा है। न्यायमूर्ति बागची ने कहा कि याचिकाकर्ताओं को समिति के सामने तथ्यात्मक रूप से साबित करना होगा कि वे घटनास्थल पर मौजूद थे या नहीं और यदि थे, तो क्या उनके खिलाफ जरूरत से ज्यादा बल का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि खुद को पत्रकार बताने वाले लोगों को मान्यता प्राप्त पत्रकारों जैसी सुरक्षा नहीं मिल सकती।
यह मामला सात पत्रकारों को कथित रूप से हिरासत में लेने, उनके साथ मारपीट करने और प्रदर्शन की रिपोर्टिंग में बाधा डालने से जुड़ा है। याचिका केरल वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन और दिल्ली यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स ने दायर की है। याचिका में कहा गया है कि पत्रकारों को जबरन रिपोर्टिंग वाली जगहों से हटाया गया, घटनाओं की रिकॉर्डिंग से रोका गया और उनके साथ शारीरिक बल का इस्तेमाल किया गया। वरिष्ठ वकील पीवी दिनेश ने कहा कि सातों पत्रकार स्थापित मीडिया संस्थानों के साथ काम करते थे और केवल रील बनाने वाले लोग नहीं थे।
दिल्ली पुलिस ने पहले शीर्ष कोर्ट को बताया था कि सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले लोग और इन्फ्लुएंसर प्रदर्शन की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों जैसी सुरक्षा का दावा नहीं कर सकते। पुलिस ने हलफनामे में कहा था कि पत्रकार एक अलग श्रेणी में आते हैं, जबकि सोशल मीडिया पर सामग्री बनाने वाले लोग अपने व्यावसायिक फायदे के लिए कैमरे और माइक्रोफोन से रील बनाते हैं।