सुप्रीम कोर्ट ने पैकेट वाले खाने-पीने की चीजों पर चेतावनी निशान लगाने का निर्देश दिया है। जिन उत्पादों में चीनी, नमक या फैट ज्यादा होगा, उनके पैकेट पर छह कोनों वाला लाल निशान लगाना होगा। इसमें संबंधित सामग्री की तस्वीर के साथ 'हाई शुगर', 'हाई सॉल्ट' या 'हाई फैट' लिखा होगा। जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने केंद्र सरकार और FSSAI को यह निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने कहा कि चीनी की मात्रा का पता लगाने के लिए कुल शुगर और फैट के लिए सैचुरेटेड फैट को आधार बनाया जाए। FSSAI को वैज्ञानिक जांच के आधार पर इनकी तय सीमा फिर से तय करनी होगी।
यह मामला '3एस एंड अवर हेल्थ सोसाइटी' नाम के एक पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से दायर जनहित याचिका से जुड़ा है, जिसमें डिब्बा बंद या पैकेट वाले खाने पर अनिवार्य वार्निंग लेबल लगाने की मांग की गई थी। कोर्ट ने 28 सितंबर को इस मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया था। याचिकाकर्ता की ओर से एडवोकेट राजीव शंकर द्विवेदी ने पैरवी की।
FSSAI ने इसे अलग-अलग चरणों में लागू करने का प्रस्ताव दिया था, ताकि इंडस्ट्री को अपने प्रोडक्ट्स सुधारने का मौका मिल सके। पहले चरण में उन उत्पादों पर लाल लेबल लगेगा, जिनमें फैट, शुगर या साल्ट में से कोई भी दो या दो से अधिक चीजें तय सीमा से ज्यादा होंगी, जिसमें सभी अधिक मीठी कोल्ड ड्रिंक्स भी शामिल होंगी। दूसरे चरण में यह नियम उन उत्पादों पर भी लागू होगा, जिनमें इनमें से कोई एक चीज भी ज्यादा मात्रा में होगी।
FSSAI ने सुप्रीम कोर्ट से कहा था कि ज्यादा फैट, चीनी और नमक वाले खाने-पीने की चीजों के पैकेट पर सामने की तरफ लाल रंग का चेतावनी लेबल लगाया जाए, जो लोगों को आसानी से समझ आने वाली चेतावनी देगा। कोई भी फूड प्रोडक्ट हाई फैट, हाई शुगर या हाई साल्ट श्रेणी में आता है या नहीं, इसका फैसला ICMR-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन (ICMR-NIN) द्वारा जारी 'डायट्री गाइडलाइंस फॉर इंडियंस, 2024' के मानकों के आधार पर किया जाएगा। सिंगल-इंग्रीडिएंट प्रोडक्ट्स और प्राकृतिक रूप से फैट, शुगर या नमक से भरपूर पदार्थों को इससे छूट देने का प्रस्ताव है, जैसे शुद्ध घी, खाद्य तेल, साधारण नमक, चीनी, गुड़ और शहद।
सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI से यह भी कहा है कि वह पैकेज्ड फूड पर 'फ्रंट ऑफ पैक लेबलिंग' लागू करने पर गंभीरता से विचार करे, ताकि लोग खरीदते समय ही संभावित हेल्थ रिस्क समझ सकें। देश में लाइफस्टाइल बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, जिसकी बड़ी वजह अनहेल्दी खान-पान है। पैकेज्ड और अल्ट्राप्रोसेस्ड फूड में मौजूद अधिक शुगर, नमक और फैट इन बीमारियों का बड़ा कारण बन रहा है।
