मुंबई पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके और सह-संयोजक आशुतोष रांका के खिलाफ गुरुवार को लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया है। सूत्रों के मुताबिक, इन नेताओं पर गांधी जयंती के दिन मुंबई के शिवाजी पार्क में बिना अनुमति रैली करने का मामला दर्ज किया गया था। इससे पहले सीजेपी नेता सौरव दास के खिलाफ भी लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था, जिसकी जानकारी केंद्र सरकार ने दिल्ली हाईकोर्ट को दी। सरकार के अनुसार, दास के पासपोर्ट में पिता के नाम का कॉलम खाली है और जन्मस्थान, पढ़ाई तथा पते से जुड़ी जानकारियों में भी अंतर पाया गया है। सरकार ने कहा कि इन गड़बड़ियों का असर उनकी नागरिकता पर भी पड़ सकता है।

23 नवंबर को सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में चढ़ने से रोक दिया गया था। उन्हें ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी में 'कॉकरोच मूवमेंट' पर बोलना था। इसके बाद 24 नवंबर को दास ने विदेश जाने से रोके जाने के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी। दास के वकील अखिल सिब्बल ने कोर्ट में कहा कि सौरव को लुकआउट नोटिस जारी होने या विदेश जाने से रोकने के बारे में पहले नहीं बताया गया था। उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर नोटिस दिया गया। इससे पहले इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें फ्लाइट में बैठने से रोक दिया था। वकील ने कोर्ट से लुकआउट नोटिस जारी करने की वजह बताने और उसकी कॉपी देने की मांग की। इस पर केंद्र ने कहा कि लुकआउट नोटिस की कॉपी नहीं दी जा सकती। हालांकि, अब दास को इसकी जानकारी है और वे इसे कोर्ट में चुनौती दे सकते हैं।

केंद्र ने कोर्ट को बताया कि 23 नवंबर को शाम 7:32 बजे दास को नोटिस भेजा गया था और इसके चार मिनट बाद उन्हें विदेश यात्रा न करने की सलाह दी गई। पासपोर्ट में मिली गड़बड़ियों पर जवाब देने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया गया है। सरकार ने कहा कि दास का पासपोर्ट रद्द नहीं किया गया है, उन्हें सिर्फ विदेश यात्रा न करने को कहा गया था। सौरव ने बुधवार को एक्स पर आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक कुछ सोशल मीडिया हैंडल ने उनका पासपोर्ट लीक कर दिया है। उन्होंने इसे चिंता का विषय बताते हुए विदेश मंत्रालय से सवाल किया कि क्या नागरिकों के पासपोर्ट इस तरह लीक होना सामान्य बात है।

सौरव ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करके बताया था कि उन्हें 'कॉकरोच मूवमेंट' पर बोलने के लिए यूके जाना था और 23 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर रात 1 बजे की फ्लाइट थी, लेकिन उन्हें इसमें जाने नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि उन्हें ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, एलएसई और एडिनबरा जैसे विश्वविद्यालयों से कॉकरोच मूवमेंट पर बात करने के लिए आमंत्रित किया गया था। हालांकि, आधिकारिक लिस्टिंग के मुताबिक, एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में पैनल चर्चा होनी है, जिसमें सौरव को शामिल होने के लिए बुलाया गया है। ऑक्सफोर्ड यूनियन स्वतंत्र रूप से चलने वाली डिबेटिंग सोसाइटी है और यह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का हिस्सा नहीं है।