सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप-ए मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने मिजोरम को 20 गेंदें शेष रहते 6 विकेट से हरा दिया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में समीर रीजवी ने नाबाद शतक जमाया और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए मिजोरम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 149 रन बनाए। ओपनर मनेंदर सिंह ने 40 गेंदों में सात चौके और एक छक्के की मदद से 56 रन की पारी खेली। उत्तर प्रदेश की ओर से कुलदीप यादव ने सबसे अधिक दो विकेट लिए, जबकि कार्तिक यादव, अभिनंदन सिंह, कार्तिक त्यागी और प्रशांत वीर को एक-एक सफलता मिली।

150 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की शुरुआत खराब रही और टीम ने केवल 5 रन पर अपने शीर्ष तीन विकेट गंवा दिए। आदर्श सिंह और आर्यन जुयाल खाता नहीं खोल सके। इसके बाद समीर रीजवी ने मोर्चा संभाला और प्रियम गर्ग (18) के साथ चौथे विकेट के लिए 37 रन जोड़े।

रीजवी ने प्रशांत वीर (नाबाद 27) के साथ पांचवें विकेट के लिए 110 रन की अविजित साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई। रीजवी ने केवल 46 गेंदों में छह चौके और नौ छक्कों की मदद से नाबाद 100 रन बनाए। यह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उनका पहला शतक है। उत्तर प्रदेश ने 16.4 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।