हरियाणा के सोनीपत स्थित ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी में देश का पहला सीजेआई म्यूजियम शुरू हुआ है। संविधान दिवस से एक दिन पहले बुधवार को 10 पूर्व मुख्य न्यायाधीशों ने इसका उद्घाटन किया। 'गार्जियंस ऑफ द रिपब्लिक' नाम के इस म्यूजियम में 5 गैलरी हैं। यहां सुप्रीम कोर्ट के जजों की 280 से ज्यादा प्रतिमाएं, 25 हाईकोर्ट के मॉडल, 22 भाषाओं की कलाकृतियां और 20 ऐतिहासिक फैसलों की जानकारी दी गई है। इसमें पूर्व चीफ जस्टिस और जजों के अनुभवों पर आधारित ऑडियो-विजुअल रिकॉर्ड भी मौजूद हैं।

हैदराबाद में गुरुवार को तेलंगाना स्टेट एविएशन एकेडमी के ट्रेनिंग विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। सेसना C-152 मॉडल का यह विमान सेना के गोलकोंडा कैंटोनमेंट इलाके में उतरा, लेकिन लैंडिंग के दौरान एक पेड़ से टकराकर रुक गया। विमान में एक छात्र पायलट और फ्लाइट इंस्ट्रक्टर सवार थे। हादसे में छात्र पायलट के सिर में चोट आई, जिसके बाद उसे सेना के अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके सिर में टांके लगाए गए। प्रशिक्षक सुरक्षित है। फिलहाल इमरजेंसी लैंडिंग की वजह सामने नहीं आई है।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने गुरुवार को पुरुष सरकारी कर्मचारियों के लिए 15 दिन की पैटरनिटी लीव देने का ऐलान किया। राज्य में पहली बार पुरुष कर्मचारियों को यह सुविधा दी गई है। कर्मचारी बच्चे के जन्म से 15 दिन पहले या जन्म के 6 महीने के भीतर यह छुट्टी ले सकेंगे। तमिलनाडु में महिला सरकारी कर्मचारियों को फिलहाल 365 दिन की मैटरनिटी लीव मिलती है।

एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार को गुरुवार को फिर मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पवार को डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी की समस्या है। सुप्रिया ने कहा कि डॉक्टरों ने उन्हें काम का बोझ कम करने और यात्राएं घटाने की सलाह दी है, लेकिन वे उनकी बात नहीं मानते। इससे पहले 2 नवंबर को शरद पवार को खांसी और सांस लेने पर सीने में दर्द की शिकायत के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। दो दिन बाद 4 नवंबर को उन्हें छुट्टी मिली और उसी दिन आगे की जांच के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।