सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व सांसद आनंद मोहन को बड़ा झटका दिया है। कोर्ट ने बिहार सरकार के 2023 के उस फैसले को रद्द कर दिया है, जिसके तहत सजा में छूट देकर उन्हें रिहा किया गया था। यह मामला 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी कृष्णैया की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या से जुड़ा है। कोर्ट ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया है।
न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति शील नागू की पीठ ने यह फैसला आईएएस अधिकारी जी कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया की याचिका पर सुनाया। पीठ ने पाया कि बिहार सरकार ने 2023 में सजा में छूट देने की नीति में बदलाव किया था, जिसके तहत सरकारी कर्मचारियों की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पाए लोगों को भी छूट मांगने की अनुमति दी गई थी। कोर्ट ने इस बदलाव को असांविधानिक करार दिया और अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन बताया।
कोर्ट ने कहा कि यह बदलाव बिना किसी स्पष्ट उद्देश्य या नेक इरादे को दिखाए अचानक किया गया था और राज्य सरकार किसी तर्कसंगत वैध सार्वजनिक उद्देश्य को साबित करने में विफल रही। हालांकि, कोर्ट ने यह भी कहा कि राज्य सरकार नए सिरे से सजा में छूट देने की प्रक्रिया शुरू कर सकती है, जिसमें मारे गए अधिकारी की पत्नी और याचिकाकर्ता को अपना पक्ष रखने का मौका देना होगा।
बता दें कि जी कृष्णैया की हत्या उस समय हुई थी, जब आनंद मोहन के नेतृत्व वाली भीड़ ने उन पर हमला किया था। इस मामले में आनंद मोहन को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। बिहार सरकार की ओर से सजा में छूट मिलने के बाद वह 24 अप्रैल, 2023 को जेल से बाहर आ गए थे। तब तक वह 14 साल की सजा काट चुके थे।