बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग से नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने का अनुरोध किया है। मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने शुक्रवार को बताया कि ढाका की तारिक रहमान सरकार पासपोर्ट जारी करने में बाधा डाल रही है, ताकि हसीना की वतन वापसी पासपोर्ट के बजाय प्रत्यर्पण के जरिए हो। सूत्रों के मुताबिक, भारत से हसीना के प्रत्यर्पण की बांग्लादेश की मांग दरअसल उनकी स्वदेश वापसी में देरी करने की एक चाल है। उन्होंने कहा कि हसीना की स्वेच्छा से लौटने की प्रक्रिया में भारत की तरफ से कोई रुकावट नहीं डाली गई है।
79 वर्षीय हसीना अगस्त 2024 में छात्रों के उग्र और हिंसक आंदोलन के बाद भारत आ गई थीं और तब से यहीं रह रही हैं। हाल के साक्षात्कारों में उन्होंने कहा है कि वह दिसंबर में बांग्लादेश लौटना चाहती हैं, भले ही प्रदर्शनकारियों पर उनकी सरकार की कार्रवाई के चलते उन्हें मौत की सजा सुनाई गई हो। हसीना की तरफ से काम कर रही लंदन स्थित लॉ फर्म 'मैट्रिक्स चैम्बर्स' ने सबसे पहले 9 नवंबर को उच्चायोग को ईमेल भेजकर नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र की मांग की थी। ढाका के अधिकारियों ने इस अनुरोध के साथ हसीना का कोई आधिकारिक प्राधिकरण दस्तावेज न होने पर सवाल उठाया। इसके बाद गुरुवार (19 नवंबर) को मैट्रिक्स चैम्बर्स ने उच्चायोग को एक और पत्र भेजा, जिसमें हसीना के हस्ताक्षर वाला प्राधिकरण पत्र भी शामिल था।
9 नवंबर को हसीना के अनुरोध के तुरंत बाद बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा था कि उनकी सरकार हसीना के प्रत्यर्पण पर जोर देगी। उन्होंने हसीना को हत्यारा और आतंकवादी करार देते हुए कहा कि वह कथित तौर पर 2,000 से अधिक लोगों की हत्या करने के बाद देश से भाग गई थीं। उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश आतंकवादियों को पासपोर्ट नहीं देता। हालांकि, मामले से जुड़े लोगों का तर्क है कि ढाका एक तरफ प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ हसीना को लौटने के लिए जरूरी एकमात्र यात्रा दस्तावेज देने से इनकार कर रहा है।
इस बीच, बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने हसीना की अवामी लीग पर देश को अस्थिर करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी जिले लालमोनिरहाट में गुरुवार को एक जनसभा में रहमान ने आरोप लगाया कि अवामी लीग के समर्थक अशांति फैलाने के लिए आगजनी और हत्याओं का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने लोगों से आतंकवाद, हत्याओं और चुनाव में धांधली की राजनीति को फिर से शुरू करने की कोशिश करने वालों को मुंहतोड़ जवाब देने की अपील की। हसीना की पार्टी की ओर से गुरुवार को आयोजित देशव्यापी बंद के दौरान कई इलाकों में हिंसा की घटनाएं हुईं। रहमान की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब देश के सात जिलों में आगजनी, देसी बम विस्फोट और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद अर्धसैनिक बलों के करीब 3,000 जवानों को तैनात किया गया है और कई हिस्सों में परिवहन सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
