अमेरिका में करीब 18 साल तक काम करने के बाद टेक इंजीनियर बालाजी गुरुराजन और उनकी पत्नी ने सिलिकॉन वैली की अच्छी नौकरी छोड़कर बंगलूरू में बसने का फैसला किया है। गुरुराजन का कहना है कि बच्चों की बेहतर परवरिश के लिए भारत से अच्छी जगह कोई नहीं हो सकती।
गुरुराजन (44) माइक्रोसॉफ्ट, लिंक्डइन और मेटा जैसी कंपनियों में आईटी पेशेवर रहे हैं। उन्होंने जून में सैन फ्रांसिस्को बे एरिया छोड़ा और बंगलूरू आ गए। उनका कहना है कि अमेरिका की भागदौड़ भरी जिंदगी में परिवार को पर्याप्त समय देना मुश्किल हो रहा था। इस फैसले को कुछ लोगों ने बेवकूफी भरा बताया, लेकिन गुरुराजन कहते हैं कि बच्चों को अपने देश के परिवेश में बड़े होते देखना सुकून देता है।
तमिलनाडु में जन्मे और पले-बढ़े गुरुराजन ने ग्रेजुएशन के बाद बंगलूरू में विप्रो और फिर फिलिप्स में नौकरी की। इसके बाद वे अमेरिका पहुंचे और करीब एक साल बाद माइक्रोसॉफ्ट से जुड़ने का उनका सपना पूरा हुआ। शाकाहारी होने के कारण उन्हें वहां काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। माइक्रोसॉफ्ट में काम के दौरान उनकी शादी हुई। बायोटेक्नोलॉजी में मास्टर डिग्री रखने वाली उनकी पत्नी भी बाद में वहां नौकरी करने लगीं। बेहतर अवसरों के लिए वे बे एरिया चले गए और क्यूपर्टिनो में घर खरीदा। उन्हें ग्रीन कार्ड और अमेरिकी नागरिकता भी मिली।
गुरुराजन बताते हैं कि अमेरिका में बच्चों की परवरिश उनके अपने बचपन से बिल्कुल अलग थी। वे चचेरे भाई-बहनों और रिश्तेदारों के बीच पले-बढ़े थे, जबकि अमेरिका में पारिवारिक ढांचा गायब था। उनके 6 और 14 साल के दो बच्चे हैं, जिनका जन्म अमेरिका में हुआ और जिन्होंने भारत को केवल छुट्टियों में देखा था। गुरुराजन कहते हैं कि वे चाहते थे कि बच्चे बड़े परिवार और अपनी संस्कृति को करीब से महसूस करें, ताकि दुनिया में कहीं भी रहें, अपनी जड़ों से जुड़े रहें। घर किराये पर उठाकर और फर्नीचर व अन्य सामान बेचकर परिवार बंगलूरू लौटा है, जहां वे अपना घर बसाना चाहते हैं।