अमेरिका में करीब 18 साल बिताने और सिलिकॉन वैली में अच्छी नौकरी करने के बाद टेक इंजीनियर बालाजी गुरुराजन और उनकी पत्नी ने भारत में बसने का फैसला किया है। 44 वर्षीय गुरुराजन ने जून में सैन फ्रांसिस्को बे एरिया छोड़कर बंगलूरू में घर बसाया। उनका कहना है कि बच्चों की बेहतर परवरिश के लिए भारत से अच्छी जगह कोई नहीं हो सकती।

तमिलनाडु में जन्मे और पले-बढ़े गुरुराजन ने ग्रेजुएशन के बाद बंगलूरू में विप्रो और फिर फिलिप्स में नौकरी की। इसके बाद वे अमेरिका पहुंचे और करीब एक साल बाद माइक्रोसॉफ्ट से जुड़ने का उनका सपना पूरा हुआ। वे माइक्रोसॉफ्ट, लिंक्डइन और मेटा में आईटी पेशेवर के तौर पर काम कर चुके हैं। शादी के बाद उनकी पत्नी, जिनके पास बायोटेक्नोलॉजी में मास्टर डिग्री है, भी वहीं नौकरी करने लगीं। बेहतर अवसरों के लिए वे बे एरिया गए, क्यूपर्टिनो में घर खरीदा और उन्हें ग्रीन कार्ड तथा अमेरिकी नागरिकता मिली।

गुरुराजन बताते हैं कि अमेरिका की भागदौड़ भरी जिंदगी में परिवार को पर्याप्त समय देना मुश्किल हो रहा था। उनका अपना बचपन चचेरे भाई-बहनों और रिश्तेदारों के बीच बीता था, जबकि अमेरिका में पारिवारिक ढांचा गायब था और वहां की संस्कृति आत्मनिर्भरता पर टिकी है। उनके 6 और 14 साल के दो बच्चे अमेरिका में पैदा हुए थे और उन्होंने भारत को केवल कुछ हफ्तों की छुट्टियों में ही देखा था। घर किराये पर उठाकर और फर्नीचर व अन्य सामान बेचकर परिवार बंगलूरू आ गया।

गुरुराजन कहते हैं कि उनका इरादा बच्चों को बड़े परिवार और अपनी संस्कृति से जोड़ना था, ताकि वे दुनिया में कहीं भी रहें, अपनी जड़ों से जुड़े रहें। बच्चे दादा-दादी, नाना-नानी, चचेरे भाई-बहनों और चाचा-चाची के साथ समय बिताने से वंचित रह रहे थे। इस फैसले को कुछ लोगों ने बेवकूफी भरा बताया, लेकिन गुरुराजन कहते हैं कि बच्चों को अपने देश के परिवेश में बड़े होते देखना सुकून देता है। उनका कहना है कि वे परिवार के साथ रहने के लिए भारत लौटे हैं और यहीं अपना घर बसाएंगे।