अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैनडाइक के तिहाड़ जेल में प्रताड़ित किए जाने के आरोपों को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने खारिज कर दिया है। एनआईए के महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने शुक्रवार को दिल्ली में दो दिवसीय आतंकवाद रोधी सम्मेलन के समापन पर मीडिया से बातचीत में कहा कि वैनडाइक ने भारत में रहने के दौरान कभी इस तरह की कोई शिकायत नहीं की थी। उन्होंने बताया कि वैनडाइक न्यायिक हिरासत के दौरान कथित दुर्व्यवहार की बात कह रहा है, एनआईए पर सीधे तौर पर आरोप नहीं लगा रहा है।

अग्रवाल के मुताबिक, जांच के दौरान वैनडाइक छह से सात बार अदालत में पेश हुआ, लेकिन किसी भी सुनवाई में मारपीट या जरूरी चिकित्सा सुविधा न मिलने की शिकायत नहीं की। उन्होंने यह भी बताया कि सितंबर में जमानत मिलने के बाद वैनडाइक अमेरिका लौट गया था, लेकिन वहां जाने के बाद एक बार अदालती कार्यवाही में शामिल होने के लिए भारत आया था। वैनडाइक ने हाल में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई पोस्ट कर आरोप लगाया था कि गिरफ्तारी के बाद तिहाड़ जेल में उसके साथ मारपीट की गई और करीब छह महीने की हिरासत के दौरान उसे जरूरी चिकित्सा सुविधा तक नहीं दी गई।

एनआईए ने 13 मार्च को वैनडाइक और छह यूक्रेनी नागरिकों को गिरफ्तार किया था। एजेंसी का आरोप है कि इन लोगों ने वैध यात्रा दस्तावेजों के बिना मिजोरम के रास्ते म्यांमार में प्रवेश किया और वहां करीब तीन महीने तक जातीय सशस्त्र समूहों के सदस्यों को ड्रोन संचालन, ड्रोन असेंबली और जैमिंग तकनीक का प्रशिक्षण दिया। जांच एजेंसी के अनुसार, प्रशिक्षण पाने वाले समूहों में चिन नेशनल फ्रंट और काचिन इंडिपेंडेंस आर्मी भी शामिल थे। शुरुआत में यूएपीए की धाराएं लगाई गई थीं, लेकिन बाद में दाखिल आरोपपत्र में इन्हें शामिल नहीं किया गया और सातों आरोपियों के खिलाफ इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट की धारा 21 और 23 के तहत आरोप लगाए गए।

यूएपीए की धाराएं शामिल न किए जाने के सवाल पर अग्रवाल ने कहा कि आरोपी वैध वीजा पर भारत आए थे, लेकिन इसके बाद अवैध तरीके से म्यांमार में दाखिल हुए और वहां कुछ विद्रोही समूहों को प्रशिक्षण दिया। उनके मुताबिक, जांच का दूसरा हिस्सा अभी जारी है, जिसमें यह पता लगाया जा रहा है कि प्रशिक्षण किन लोगों को दिया गया और उनमें से कौन भारतीय विद्रोही समूहों से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि जब तक प्रशिक्षण पाने वालों की पहचान नहीं हो जाती, तब तक यूएपीए के तहत आरोप तय करना संभव नहीं होगा। दिल्ली की एक अदालत ने पिछले महीने वैनडाइक को अगले साल 24 फरवरी तक अमेरिका में रहने की अनुमति दी थी। यह पूछे जाने पर कि क्या वह अब भारत लौटेगा, अग्रवाल ने कहा कि अगर वह नहीं लौटता है तो कानून अपना काम करेगा।