बॉलीवुड अदाकारा शर्वरी ने अपने करियर और परिवार को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता उनके सबसे बड़े चियरलीडर और सबसे बड़े क्रिटिक हैं। शर्वरी के मुताबिक, वह अपने परिवार को गर्व महसूस कराने के लिए ही इतना काम करती हैं, ताकि उनका सिर हमेशा ऊंचा रहे। उन्होंने बताया कि मां और बड़ी बहन कस्तूरी के साथ उनका बहुत खास रिश्ता रहा है और दोनों उनके रोल मॉडल रहे हैं।
इस साल शर्वरी इम्तियाज अली की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' और फिल्म 'ऐल्फा' के बाद सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में नजर आने वाली हैं। इन फिल्मकारों की हीरोइन बनने पर उन्होंने कहा कि सूरज बड़जात्या और इम्तियाज अली अपनी फीमेल करैक्टर को बड़ी खूबसूरती से लिखते हैं, जिनमें नजाकत के साथ निडरता और जिद भी होती है। उनके मुताबिक, इन दोनों मास्टर डायरेक्टर्स का उन्हें चुनना उनके लिए गर्व की बात है और इससे उन्हें उम्मीद मिलती है कि वह सही दिशा में जा रही हैं।
शर्वरी ने कहा कि वह शुरू से अलग-अलग तरह के किरदार निभाना चाहती थीं और किसी इमेज में नहीं बंधना चाहती थीं। उन्होंने 'वेदा', 'मुंज्या', 'महाराज', 'ऐल्फा' और 'ये प्रेम मोल लिया' जैसी अलग दुनिया और किरदारों वाली फिल्मों का हिस्सा बनने को एक्साइटिंग बताया। उन्होंने कहा कि वह हमेशा वर्सेटाइल काम करना चाहती थीं।
अपने संघर्ष के दौर को याद करते हुए शर्वरी ने बताया कि सात साल के ऑडिशन और रिजेक्शन के बीच उनमें एक जिद थी कि रुकना नहीं है। उन्होंने कहा कि रिजेक्ट होने पर भी वह फीडबैक मांगती थीं और हिंदी में मराठी एक्सेंट की बात कहने पर उन्होंने डिक्शन क्लासेस लीं। उन्होंने ऐक्टिंग, डांस और डिक्शन की क्लासेस लीं, ताकि जब मौका मिले तो कोई यह न कह सके कि शर्वरी को यह नहीं आता।
