लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित एक विशेष सत्र में अभिनेता सलमान खान और अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह ने अपनी आने वाली फिल्म मातृभूमि के साथ सिनेमा और जिंदगी के पर्दे के पीछे के पहलुओं पर बात की। सत्र का संचालन नयन दीप रक्षित ने किया। सलमान खान के लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश करते ही दर्शकों का उत्साह देखने लायक था और सभागार तालियों और सीटियों से गूंज उठा।

स्टारडम की परिभाषा पर सलमान ने कहा कि एक फैन और स्टार के बीच एक डील होती है। उन्होंने कहा कि लोग उन्हें पसंद करते हैं इसलिए थिएटर आते हैं, और जिस दिन यह पसंद करना बंद हो जाएगा, सुपरस्टारडम भी नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक उनका काम लोगों को पसंद आ रहा है और वे उन्हें थिएटर में देखने आ रहे हैं, तब तक वह हैं। भीड़ के उत्साह के बीच कई बार उन्हें सुनने के लिए लोगों से शांत रहने की अपील करनी पड़ी।

बचपन के दिनों को याद करते हुए सलमान ने बताया कि 15 वर्ष की उम्र से उनकी प्रार्थना रही कि उन्हें काम मिलता रहे, और एक दिन भी काम न करने पर उन्हें लगता है कि वह नाशुक्रे हो रहे हैं। फिल्म मैंने प्यार किया के लिए सूरज बड़जात्या से मुलाकात का किस्सा सुनाते हुए उन्होंने बताया कि कहानी उन्हें बेहद पसंद आई थी, लेकिन जब लगा कि वह इस फिल्म के लिए सही कलाकार नहीं हैं तो उन्होंने अपने दो-तीन दोस्तों के नाम सुझा दिए। उनका कहना था कि अगर उन्हें काम नहीं मिलता तो किसी दोस्त को मिल जाता, लेकिन फिल्म के लिए सही कलाकार जरूर चुना जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि कभी उनकी ख्वाहिश सिर्फ दस लाख रुपये कमाने की थी, जो उन्होंने 30-40 वर्ष पहले ही पूरा कर लिया।

सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और नकारात्मक टिप्पणियों के सवाल पर सलमान ने कहा कि हर किसी का उन्हें पसंद करना जरूरी नहीं है और किसी को वह पसंद नहीं हैं तो उन्हें इससे परेशानी नहीं है। शाहरुख और आमिर खान के साथ एक फिल्म में नजर आने के सवाल पर उन्होंने मुस्कराते हुए कहा, पासिबल है, साइन करते-करते मिल जाएगा। अपनी पहली कमाई का किस्सा सुनाते हुए उन्होंने बताया कि ताजमहल में आयोजित एक कार्यक्रम में डांस प्रस्तुति के लिए उन्हें 35 रुपये मिले थे और अच्छा डांस न करने के कारण उन्हें पीछे खड़ा किया गया था। इस प्रसंग के जरिए उन्होंने कहा कि जिंदगी में एक कदम आगे बढ़ाइए और फिर दूसरा कदम उससे आगे रखिए, लोग नीचा दिखाने की कोशिश करें तब भी रुकिए नहीं।

सही फैसले लेने के सवाल पर सलमान ने कहा कि वह दिल से सोचने में विश्वास नहीं करते, दिल का काम खून पंप करना है और सोचने का काम दिमाग करता है, इसलिए फैसले लेते समय दिमाग का इस्तेमाल करना चाहिए। व्यवहार और रिश्तों पर उन्होंने कहा कि किसी वरिष्ठ के साथ बदतमीजी करना गलत है तो किसी कनिष्ठ को दबाना भी उतना ही गलत है, और सहकर्मियों के साथ सम्मान से पेश आना चाहिए। यह संस्कार उन्हें बचपन से माता-पिता ने दिए हैं। उन्होंने बताया कि उनके घर में सहयोगियों के साथ भी अपनेपन का व्यवहार होता है, सभी के लिए एक जैसा खाना बनता है और सब साथ बैठकर खाते हैं। पेंटिंग के शौक के पीछे की कहानी सुनाते हुए उन्होंने बताया कि पालतू कुत्ते माइकल की पेंटिंग बनवाने के लिए बुलाए गए कलाकार ने तस्वीर बनाई, लेकिन उसमें माइकल उन्हें कुत्ते जैसा ही नजर आया और पेंटिंग की कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई गई। सलमान ने सोचा कि इतने पैसे खर्च करने से बेहतर है कि कुछ सौ रुपये में कैनवास और रंग खरीदकर खुद ही पेंटिंग बनाई जाए, और यहीं से उनकी पेंटिंग की यात्रा दोबारा शुरू हुई। उन्होंने बताया कि शूटिंग के बीच समय मिलने पर वह पेंटिंग करते हैं, और क्रिकेट, फुटबाल, स्विमिंग और साइकिलिंग भी उनकी दिनचर्या का हिस्सा हैं। उन्होंने शिव, बुद्ध और मदर टेरेसा सहित कई विषयों पर चित्र बनाए हैं और दोस्तों को अपनी पेंटिंग उपहार में भी देते रहे हैं। परिवार की विविधता और सांस्कृतिक परंपराओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि उनके घर में हर धर्म के त्योहार मनाए ज