देवभूमि उत्तराखंड के गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्रों में संस्कृति, खानपान और बोली का अंतर देखने को मिलता है, लेकिन 'बेडू पाको बारामासा' नाम का लोकगीत इन दोनों क्षेत्रों की दूरियां मिटा देता है। यह गीत शादी-ब्याह और खास अवसरों की जान है और पहाड़ी संस्कृति की पहचान माना जाता है। इसकी धुन ऐसी है कि गढ़वाली और कुमाऊंनी लोग इस पर थिरकने से खुद को रोक नहीं पाते।

यह लोकगीत कुमाऊंनी भाषा में है। इसके बोल स्व. बृजेन्द्र लाल साह ने लिखे थे और इसे आवाज लोकगायक मोहन उप्रेती ने दी है। गीत के बोल किसी एक क्षेत्र की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की खूबसूरती का बखान करते हैं। इसे देवभूमि की पहचान का प्रतीक कहा जाता है।

गीत की पहली पंक्ति में पहाड़ी फलों का जिक्र है। 'बेडू पाको बारो मासा, नरैण काफल पाको चैत मेरी छैला' पंक्ति के अनुसार बेडू यानी जंगली अंजीर साल के बारह महीने पकता है और काफल चैत के महीने का फल है। अगली पंक्ति 'रुणा भूणा दिन आया, नरैण को जा मेरी मैता, मेरी छैला' पहाड़ी लोगों के जीवन की ओर इशारा करती है। चैत वही महीना है जब गढ़वाल और कुमाऊं में भिटोली यानी बेटियों को मायके भेजने का पर्व मनाया जाता है।

गीत में अल्मोड़ा की नंदा देवी का जिक्र है, जिन्हें गढ़वाल और कुमाऊं में कुलदेवी के रूप में पूजा जाता है। इसमें नैनीताल की नंदा देवी को भी याद किया गया है, जो पहाड़ी लोगों की मां नंदा देवी के प्रति अटूट श्रद्धा दिखाता है। अल्मोड़ा को कुमाऊं की सांस्कृतिक राजधानी कहा जाता है, जहां कभी कत्यूरी और चंद्र वंश का शासन रहा। गीत में अल्मोड़ा के लाल बाजार का भी उल्लेख है, जिसकी पंक्ति 'अल्मोड़े की लाल बजारा, नरैण पाथरे की सीणी मेरी छैला' बाजार के पहाड़ी ढलान पर बसने और सीढ़ीनुमा पत्थर की वास्तुकला का बखान करती है।