भारतीय स्टेट बैंक (SBI) अपने डिजिटल लेंडिंग प्रोग्राम 'MSME ड्रीम' के तहत छोटे कारोबारियों को दिए जाने वाले लोन की सीमा बढ़ाने की योजना बना रहा है। बैंक इस सीमा को मौजूदा 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर मार्च 2027 तक 50 करोड़ रुपये करेगा। यह बढ़ोतरी एक साथ नहीं, बल्कि कई चरणों में लागू की जाएगी। पहले चरण में 30 नवंबर तक लोन सीमा 10 करोड़ रुपये किए जाने की उम्मीद है, और मार्च 2027 तक बैंक के पूरे ब्रांच नेटवर्क में यह सीमा 50 करोड़ रुपये कर दी जाएगी।
दिसंबर 2023 में शुरू किया गया 'MSME ड्रीम' प्रोग्राम कारोबारियों को डिजिटल एप्लिकेशन और वैल्यूएशन प्रोसेस के जरिए लोन देने की सुविधा देता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस प्लेटफॉर्म के लॉन्च होने के बाद से SBI ने लगभग 2.25 लाख करोड़ रुपये के लोन मंजूर किए हैं। इस प्रोग्राम के तहत उधारकर्ता डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपने कारोबार और फाइनेंशियल डिटेल जमा करते हैं, और प्लेटफॉर्म उपलब्ध डेटा तथा डिजिटल फुटप्रिंट्स के आधार पर उनकी क्रेडिट एलिजिबिलिटी की वैल्यूएशन करता है। SBI के एक अधिकारी के अनुसार, यह सिस्टम 30-45 मिनट के भीतर लोन की 'इन-प्रिंसिपल' मंजूरी दे सकता है।
बैंक ने बताया कि इस प्रोग्राम के तहत दिए गए लोन की एसेट क्वालिटी बेहतर रही है। 'MSME ड्रीम' के तहत SBI का ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट (NPA) रेशियो 0.50% से कम है, जबकि इसके कुल MSME लोन पोर्टफोलियो के लिए यह 1.50% से अधिक है।
यह विस्तार ऐसे समय में हो रहा है जब अर्थव्यवस्था में MSME सेक्टर का योगदान बढ़ रहा है। आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार, देश की GDP में MSME का हिस्सा 31.1%, मैन्युफैक्चरिंग आउटपुट में 35.4% और कुल निर्यात में 48.58% है। SBI के अधिकारी ने कहा कि MSME क्षेत्र औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, निर्यात और इनोवेशन का महत्वपूर्ण स्तंभ है, और यह सेक्टर 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य के लिए भी अहम है।
