ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन की नाइट आउट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। ये तस्वीरें फैशन डिजाइनर और राजनेता शाइना एनसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर की हैं। शाइना ने तस्वीरों के साथ एक लंबा पोस्ट भी लिखा है, जिसमें उन्होंने ऐश्वर्या के साथ अपनी पुरानी दोस्ती को याद किया है।

शाइना एनसी ने कैप्शन में लिखा कि कुछ दोस्तियों के लिए लगातार संपर्क की जरूरत नहीं होती, उन्हें बस भरोसे की जरूरत होती है। उन्होंने बताया कि उन्होंने 18 साल की उम्र में फैशन डिजाइनर के तौर पर करियर शुरू किया था, तब ऐश्वर्या राय मिस वर्ल्ड थीं। शाइना के मुताबिक, 35 साल बाद भी उनकी दोस्ती वहीं से शुरू होती है जहां उन्होंने छोड़ी थी। उन्होंने कहा कि ऐश्वर्या और अभिषेक के साथ समय बिताना अच्छा लगता है।

ऐश्वर्या की तारीफ में शाइना ने लिखा कि उनमें कोई दिखावा नहीं है, बस पुराने अपनेपन का एहसास है। उन्होंने कहा कि ऐश्वर्या और उनका रिश्ता बहुत पुराना है, जो उनकी साड़ियां पहनने से लेकर सोशल कामों तक फैला है, खासकर कैंसर मरीजों को सपोर्ट करने के दौरान, जब वह खुद एक संघर्षरत डिजाइनर थीं।

बताते चलें कि पिछले कुछ समय से ऐश्वर्या और अभिषेक के रिश्ते को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं। हाल ही में दोनों मनीष मल्होत्रा की दिवाली पार्टी में भी साथ पहुंचे थे, जहां उन्होंने हाथ पकड़कर एंट्री की और साथ में तस्वीरें खिंचवाईं। अभिषेक बच्चन जल्द ही फिल्म 'किंग' में नजर आने वाले हैं, जिसमें वह शाहरुख खान के साथ दिखाई देंगे। खबरों के मुताबिक, फिल्म में उनका किरदार नेगेटिव होगा और इसमें सुहाना खान और दीपिका पादुकोण भी अहम रोल में हैं। फिल्म की रिलीज 24 दिसंबर बताई जा रही है।