पटना में ठंड की दस्तक के साथ बुद्ध मार्ग स्थित कश्मीरी वूलन मेले और हाईकोर्ट मजार परिसर में लगे तिब्बती वूलन मेले में गर्म कपड़ों की नई वैरायटी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। दोनों मेलों में महिलाएं शॉल, स्वेटर, कार्डिगन और गर्म सूट देख रही हैं, जबकि पुरुष जैकेट, सदरी और स्वेटर की खरीदारी कर रहे हैं। इस बार खरीदारी में स्टाइल और डिजाइन पर भी ध्यान दिया जा रहा है। बाजार में पारंपरिक कश्मीरी कढ़ाई के साथ नए प्रिंट और आधुनिक डिजाइन उपलब्ध हैं।

कश्मीर से आए कारोबारी उबैद महिलाओं के लिए ऊनी सूट की नई विविधता लेकर पहुंचे हैं। उनके स्टाल पर सेमी पश्मीना और पश्मीना शॉल के साथ कलमकारी, कानी और प्रिंटेड डिजाइन के सूट हैं। उनके मुताबिक, अब प्रिंटेड बॉटम और प्लेन शर्ट का नया कॉम्बिनेशन आया है, जिस पर जल्दी रुआं नहीं उठता। छूट के बाद इसकी कीमत 1200 रुपये है, जबकि ऊनी सूट 1000 रुपये से शुरू होकर 2500 से 3000 रुपये तक जाता है।

पिछले 40 वर्षों से कारोबार कर रहे कश्मीरी व्यापारी बशीर अहमद के स्टाल पर बच्चों से लेकर बड़ों तक के ऊनी कपड़ों की पूरी रेंज है। यहां सामान्य शॉल 200 रुपये से शुरू होती है, जबकि खास पश्मीना शॉल 10 हजार से लेकर दो लाख रुपये तक के प्रीमियम रेंज में उपलब्ध है। बताया जाता है कि असली पश्मीना चीरू नामक विशेष प्रजाति के पशु के महीन रेशों से तैयार किया जाता है।

हाईकोर्ट मजार परिसर के तिब्बती वूलन मेले में प्रीति के स्टाल पर ऊनी को-आर्ड सेट की नई विविधता है, जो अब वेस्टर्न और कश्मीरी लुक में भी उपलब्ध है। को-आर्ड सेट 1410 रुपये से शुरू होकर 2260 रुपये तक है। तिब्बत से आए कारोबारी तेनजिन के स्टाल पर महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के लिए कार्डिगन, स्वेटर, शॉल, स्टोल, जैकेट और मफलर की रेंज है।