अगर आपका स्मार्टफोन खो गया है या चोरी हो गया है, तो उसके गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए आप भारत सरकार के संचार साथी पोर्टल या मोबाइल एप की मदद से घर बैठे अपने फोन का IMEI नंबर ब्लॉक कर सकते हैं। भारत सरकार द्वारा 2023 में लॉन्च किए गए Sanchar Saathi पोर्टल में सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) सिटिजन सर्विसेज मिलती हैं। इसके जरिए यूजर्स संदिग्ध फ्रॉड कॉल्स और स्पैम कॉल्स की रिपोर्ट कर सकते हैं, अपने नाम पर लिए गए फोन कनेक्शन चेक कर सकते हैं, अपने इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर की डिटेल निकाल सकते हैं, भारतीय फोन नंबर से आने वाली इंटरनेशनल कॉल्स की रिपोर्ट कर सकते हैं और अपने हैंडसेट की ऑथेंटिसिटी जांच सकते हैं। इसकी सबसे अहम सुविधाओं में से एक चोरी या गुम हुए हैंडसेट्स को रिमोटली ब्लॉक करने की क्षमता है। किसी भी तरह के गलत इस्तेमाल से बचने के लिए आप पोर्टल पर जाकर या Sanchar Saathi मोबाइल एप डाउनलोड करके अपने फोन को ब्लॉक और अनब्लॉक कर सकते हैं।
Sanchar Saathi मोबाइल एप या पोर्टल के जरिए IMEI नंबर का इस्तेमाल करके अपना फोन ब्लॉक करने की रिक्वेस्ट डालने से पहले कई जरूरी तैयारियां पूरी करनी होंगी। सबसे पहले पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करानी होगी और गुम या चोरी हुए मोबाइल हैंडसेट की FIR कॉपी लेनी होगी। OTP वेरिफिकेशन के लिए खोए हुए मोबाइल फोन नंबर का डुप्लीकेट SIM या री-इश्यू किया गया SIM कार्ड भी लेना होगा।
इसके अलावा, फॉर्म भरने के लिए आधार जैसा कोई वैलिड आइडेंटिटी कार्ड और उसका ID नंबर तैयार होना चाहिए। फोन को रिमोटली ब्लॉक करने की रिक्वेस्ट डालने के लिए डिवाइस का इनवॉइस और उसकी एक डिजिटल कॉपी होनी जरूरी है। आखिर में, गुम हुए हैंडसेट के IMEI नंबर चाहिए होंगे, जो आमतौर पर बिल पर या फोन के बॉक्स के पीछे प्रिंट होते हैं।
