अबू धाबी में भारत-यूएई संयुक्त रक्षा सहयोग समिति (JDCC) की अहम बैठक हुई, जिसमें दोनों देशों ने आधुनिक हथियार, ड्रोन, मिसाइल सिस्टम और रक्षा तकनीक साथ मिलकर विकसित करने का फैसला किया। भारतीय रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और यूएई के अवर सचिव लेफ्टिनेंट जनरल इब्राहिम नासिर एम. अल अलावी इस बैठक में शामिल हुए।
बैठक में तय हुआ कि दोनों देश हथियारों की खरीद-बिक्री से आगे बढ़कर संयुक्त उत्पादन करेंगे। सहयोग के दायरे में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, सैन्य प्रशिक्षण और समुद्री सुरक्षा भी शामिल है। नौसैनिक और तटीय सुरक्षा के लिए ड्रोन तकनीक, सटीक हमला करने वाले हथियार, मिसाइल सिस्टम और जहाजों के निर्माण पर भी सहमति बनी। यूएई ने भारत के आकाश सरफेस-टू-एयर मिसाइल सिस्टम, पिनाका रॉकेट सिस्टम, ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल और आकाशतीर एयर डिफेंस सिस्टम में दिलचस्पी दिखाई है।
समझौतों को जमीन पर उतारने के लिए दोनों देशों की कंपनियों के बीच बातचीत शुरू हो गई है। भारतीय अधिकारियों के साथ भारतीय रक्षा कंपनियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी यूएई गया है, जहां बिजनेस-टू-बिजनेस मॉडल के तहत साझेदारी और संयुक्त उत्पादन के स्वरूप पर चर्चा हुई।
इस बीच, सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की ने मक्का पैक्ट के तहत हथियारों के उत्पादन और सुरक्षा सहयोग बढ़ाने का फैसला किया है। रिपोर्टों के अनुसार, भारत-यूएई के इस कदम को मक्का पैक्ट का जवाब माना जा रहा है। यूएई ने स्पष्ट किया है कि वह किसी एक देश या गुट पर निर्भर नहीं रहना चाहता और अपने हथियारों में विविधता चाहता है। भारत, इजरायल, यूएई और अमेरिका I2U2 समूह के सदस्य भी हैं।
