हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य की वित्तीय स्थिति पर श्वेत पत्र लाने के उद्देश्य से कैबिनेट सब-कमेटी का पुनर्गठन किया है। राज्यपाल की स्वीकृति के बाद गठित इस आठ सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति के अध्यक्ष उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री होंगे। सामान्य प्रशासन विभाग (गोपनीय एवं कैबिनेट शाखा) ने 17 नवंबर 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की है।

मुख्य सचिव के आदेश से जारी अधिसूचना के तहत 12 मई 2023 की पिछली अधिसूचना को निरस्त करते हुए समिति का नया स्वरूप तय किया गया है। समिति में उपमुख्यमंत्री के अलावा राज्य मंत्रिमंडल के छह वरिष्ठ मंत्रियों को सदस्य बनाया गया है, जबकि वित्त सचिव को सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है।

समिति के सदस्यों में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी शामिल हैं। प्रशासनिक स्तर पर वित्तीय दस्तावेजों के समन्वय के लिए वित्त सचिव को समिति का सदस्य सचिव बनाया गया है।

गौरतलब है कि यह समिति राज्य की वित्तीय स्थिति पर श्वेत पत्र तैयार करने की प्रक्रिया से जुड़ी है। समिति के पुनर्गठन का उद्देश्य इस कार्य को नए स्वरूप के साथ आगे बढ़ाना है।